1260 किमी की सड़कों को बनाएंगे गड्ढा मुक्त : केजरीवाल

Summary :

दिल्ली की 1260 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम प्रारंभ हो गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने युद्ध स्तर पर काम करने का प्लान तैयार किया है।

नई दिल्ली : दिल्ली की 1260 किलोमीटर सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का काम प्रारंभ हो गया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने युद्ध स्तर पर काम करने का प्लान तैयार किया है। इसके तहत शनिवार को दिल्ली सरकार के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सड़कों का सरकार की टीम ने मुआयना किया। इस टीम में एक विधायक के साथ पीडब्ल्यूडी के एक इंजीनियर थे। एक टीम के पास 25 किलोमीटर का दायरा है। 
इस दायरे में टीम सड़क के आने-जाने वाली दोनों लेन का मुआयना करेगी। इसके बाद वह खराब सड़कों या गड्ढे के बारे में रिपोर्ट देगी। इसके तत्काल बाद सड़क को ठीक करने का काम प्रारंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली सरकार (पीडब्ल्यूडी) के आधीन दिल्ली की कुछ ही सड़कें आती हैं, लेकिन उन पर रोज लाखों वाहन चलते हैं। बारिश से सड़कों पर जो असर होता है उससे किसी को असुविधा न हो इसलिए ये अभियान चलाया जा रहा है। इतने बड़े स्तर पर पहली बार सड़कों का निरीक्षण हो रहा है।
कुल 1897 रिपोर्ट एप के जरिए दर्ज
गड्ढे या खराब सड़कों की फोटो सर्वे के दौरान एप पर डाली गई। यह डाटा तैयार होते ही सड़कों को ठीक करने का काम प्रारंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीन स्थिति में सड़कें हो सकती हैं, गड्ढा हो सकता है, खराब हो सकती है या कोई काम चल रहा है। अगर किसी विभाग का काम चल रहा है तो काम पूरा होने तक का इंतजार किया जाएगा। अन्य सड़कों को ठीक करा दिया जाएगा। कुल 1897 रिपोर्ट एप के जरिए पीडब्ल्यूडी के पास दर्ज हुए हैं।
बरसात में हुए गड्ढे भी होंगे ठीक 
दिल्ली में तमाम जगहों पर बरसात के कारण गड्ढे बन गए हैं। इस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे गड्ढों को भी इस योजना के तहत ठीक किया जाएगा। इस बात को मुख्यमंत्री ने अपने एक ट्वीट में भी कहा कि बारिश से सड़कों पर जो असर होता है उससे किसी को असुविधा न हो इसलिए ये अभियान चलाया जा रहा है।
मंत्री ने निरीक्षण कर सड़क ठीक कराने का दिया निर्देश
दिल्ली के सीमापुरी विधानसभा क्षेत्र से आप विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने एक ट्वीट के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज उन्होंने दिल्ली सरकार के अधीन पीडब्ल्यूडी सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने का अभियान शुरू करते हुए शाहदरा रोड डिवीजन एम 211 के अन्तर्गत आने वाली सभी सड़कों का निरीक्षण पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ किया। यहां भी गड्ढे और खराबी पाई गई उसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने एप के जरिए भेजी टूटी सड़कों के लोकेशन
ग्रेटर कैलाश विधायक सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार द्वारा बनाए गए एप की जानकारी देते हुए बताया कि इस एप के द्वारा हम टूटी हुई सड़क की फोटो और उस जगह की एग्जैक्ट लोकेशन पीडब्ल्यूडी को भेज रहे हैं। उन्होंने बताया की पानी के कारण तारकोल की सड़क अक्सर टूट जाती हंै हम लोग पीडब्ल्यूडी को लोकेशन की जानकारी के साथ-साथ यह भी अपील कर रहे हैं कि जिस जगह पर पानी की समस्या के कारण सड़क टूट रही है वहां पर तारकोल की सड़क ना बनाकर कंक्रीट की सड़क बनाई जाए।
सड़कों को दुरुस्त करने के लिए विधायक एक्टिव 
तिलक नगर से आप विधायक जरनैल सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी साझा करते हुए बताया कि आज पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ क्षेत्र की 25 किलोमीटर सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिन जगहों पर गड्ढे या टूटी सड़कें नजर आईं उनकी फोटो एवं लोकेशन पीडब्ल्यूडी विभाग को एप के माध्यम से पहुंचा दी गई है। कुछ जगहों पर गड्ढों को ठीक करने का काम शुरू हो गया है। जल्द ही तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली सरकार के अधीन आने वाली सभी सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।
सड़क पर उतरे मंत्री इमरान 
कैबिनेट मंत्री इमरान हुसैन ने भी अपनी विधानसभा में पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ सड़कों का मुआयना किया टूटी हुई सड़कों की फोटो और लोकेशन आपके माध्यम से पीडब्ल्यूडी विभाग तक पहुंचाई और सभी सड़कों को तुरंत प्रभाव से बनाने का आदेश जारी किया।
वीडियो डालते ही सड़कें हुईं चकाचक
रोहतास नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सरिता सिंह ने ट्विटर के माध्यम से एक वीडियो जारी करते हुए बताया कि सुबह जब पीडब्ल्यूडी अधिकारी के साथ कड़कड़डूमा कोर्ट वाले रोड का दौरा किया तो एक जगह गड्ढा मिला, उस गड्ढे की फोटो और लोकेशन एप के माध्यम से पीडब्ल्यूडी विभाग तक पहुंचाई। निरीक्षण पूरा होने के बाद जब वापस लौट रहे थे तो वह गड्ढा पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा भर दिया गया था। 

Desk Team