Bengaluru Chain-Snatching: बेंगलुरु में चेन छीनने के लिए युवती की गर्दन पर रखा चाकू, बीच बाजार तक घसीटकर ले गया आरोपी, देखें Video

Summary :

बेंगलुरु में 31 अक्टूबर को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां प्रभुराज नामक एक शख्स ने एक दुकान में घुसकर अकेली महिला कर्मचारी को चाकू की नोंक पर बंधक बना लिया।

आपने बाइक पर स्नैचर को स्नेचिंग करते हुए देखा होगा, लेकिन बेंगलुरु में एक सनकी शख्स दुकान के अंदर घुस गया और युवती की गर्दन पर चाकू रखकर उसे बंधक बना लिया। आरोपी ने जान से मारने की धमकी देकर उससे सोने की चेन छीनने की कोशिश की और खींचते हुए उसे दुकान से बाहर बीच बाजार तक ले आया। राहत की बात ये रही कि मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए युवती को बचा लिया और आरोपी को पकड़कर पुलिस के हाथों में दे दिया।

गर्दन पर चाकू रखकर चेन छीनने की कोशिश

यह घटना 31 अक्टूबर की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम प्रभुराज है। वह सुबह करीब 11:45 बजे हेलमेट और ग्लव्स पहनकर दुकान में घुसा, जहां महिला कर्मचारी अकेली थी। आरोपी ने पहले कहा कि कोई उसका पीछा कर रहा है और फिर उसने महिला की गर्दन पर चाकू रखकर सोने की चेन छीनने की कोशिश की। जब महिला ने विरोध किया, तो वह उसे चाकू से धमकाते हुए दुकान के बाहर तक घसीटकर ले गया।

वायरल वीडियो में आप देख सकते हैं कि आरोपी ने एक हाथ से महिला की गर्दन पकड़ी हुई है, जबकि दूसरे हाथ में चाकू है। सड़क पर भीड़ लगी है और महिला आरोपी से छोड़ने की गुहार लगा रही है।

पुलिस कर रही आरोपी के बैकग्राउंड की जांच

पहले भीड़ ये सब दृश्य देखती रही, लेकिन आखिर में समझदारी दिखाते हुए कुछ लोगों ने महिला को आरोपी से बचा लिया। भीड़ ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद घटना की जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला बिल्कुल सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है। पुलिस आरोपी प्रभु राज के बैकग्राउंड की जांच कर रही है। शुरुआती पड़ताल में वह मानसिक रूप से परेशान या डिप्रेशन में लग रहा है, जिसकी पुष्टि के लिए पुलिस आगे की जांच कर रही है।

Also Read: Gwalior Mobile Blast: ग्वालियर में क्लिनिक के अंदर शख्स का मोबाइल हुआ ब्लास्ट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना; देखें Video

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।