Gwalior Mobile Blast: ग्वालियर में क्लिनिक के अंदर शख्स का मोबाइल हुआ ब्लास्ट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना; देखें Video

Summary :

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक क्लिनिक में डॉक्टर को दिखाने आए मरीज का मोबाइल फोन अचानक ब्लास्ट हो गया। यह पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

आजकल मोबाइल हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, जिसके बिना एक पल भी रहना मुश्किल लगता है। लेकिन यही फोन कभी-कभी जानलेवा भी साबित हो सकता है। ऐसी ही एक डराने वाली खबर मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सामने आई है। यहां डॉक्टर के पास दिखाने गए एक मरीज का मोबाइल अचानक से ब्लास्ट हो गया। इसके बाद से क्लिनिक में अफरा-तफरी का माहौल हो गया।

धुआं निकलते ही ब्लास्ट हुआ फोन

यह घटना ग्वालियर के दृष्टि स्किन एवं चाइल्ड क्लिनिक की है। रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक मरीज डॉक्टर आशुतोष शर्मा को दिखाने आया था। वह वेटिंग में बैठा था, तभी अचानक से मोबाइल ब्लास्ट हो गया। वायरल CCTV फुटेज में आप देख सकते हैं कि सोफे पर कुछ लोग अपने बच्चों को गोद में लेकर बैठे हुए हैं। इस दौरान बीच में बैठे शख्स के हाथ में रखा फ़ोन ब्लास्ट हो जाता है, पहले उससे धुआं निकलता है और फिर आग लग जाती है।

शख्स अपने हाथ से मोबाइल को जमीन पर फेंक देता है। क्लिप में आप देख सकते हैं कि पूरा क्लिनिक धुएं से भर गया, मरीज बच्चे को गोद में लेकर बाहर भाग गए। राहत की बात ये रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

स्टाफ ने पानी डालकर बुझाई आग

जिस वक़्त क्लिनिक में फोन ब्लास्ट हुआ, वहां बहुत सारे मरीज बच्चों के साथ थे। हालांकि, क्लिनिक स्टाफ ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई। अगर समय रहते ये कदम नहीं उठाया जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता है। यह दृश्य क्लिनिक में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसमें आप देख सकते हैं कि आग लगने के बाद लोगों के बीच कैसे अफरा-तफरी मच गई।

क्यों ब्लास्ट होते हैं फोन?

फोन में ब्लास्ट होने की सबसे बड़ी वजह उसकी बैटरी का ज्यादा गर्म होना है। ऐसा फोन को लंबे समय तक चार्ज करने, खराब या लोकल चार्जर इस्तेमाल करने, बैटरी में खराबी होने या लगातार गेम खेलने से हो सकता है।

Also Read: Illegal Liquor Smuggling: MP के देवास में शराब माफिया ने ट्रक से TI दिलीप पुरी को कुचला, तस्करी रोकने पहुंचे थे अधिकारी

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।