Ludhiana Murder Case: लुधियाना के पक्खोवाल रोड स्थित विकास नगर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, यहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी रविंदर सिंह ऑस्ट्रेलिया से लौटने के दो दिन बाद ही इस वारदात को अंजाम दिया। बता दें, कि घटना को अंजाम देने से पहले उसने अपने बेटे को बाहर भेज दिया था। जब बेटा वापस लौटा तो उसकी मां कमलदीप कौर का शव कमरे में पड़ा मिला। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जांच में पत्नी पर शक करने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 49 वर्षीय कमलदीप कौर के रूप में हुई है। उनके पति रविंदर सिंह की उम्र 50 साल है और वह पिकअप वैन चलाते हैं। दंपती का छोटा बेटा ऑस्ट्रेलिया में रहता है। कुछ समय पहले दोनों पति-पत्नी उससे मिलने विदेश गए थे।
कमलदीप 4 महीने पहले लौटी थी भारत
कमलदीप करीब 4 महीने पहले भारत लौट आई थीं, जबकि रविंदर लगभग 6 महीने ऑस्ट्रेलिया में रहने के बाद दो दिन पहले ही वापस आया था। उनका बड़ा बेटा गगनदीप सिंह भी माता-पिता के साथ रहता है। गगनदीप के मुताबिक, वह दो दिन पहले अपने पिता को अमृतसर एयरपोर्ट से घर लेकर आया था। घर लौटने के बाद पहले दिन सब कुछ नॉर्मल रहा। अगले दिन वह पिता को बीपी की दवा दिलाने भी गया था। रविवार शाम उसकी मां ने उसे दूध लाने और शीशा लगवाने के लिए बाहर भेजा। इसके बाद पिता ने उसे जूस लाने के लिए भी कहा। जब वह सामान लेकर घर लौटा तो मां कमरे में जमीन पर पड़ी थीं।
गगनदीप ने बताया कि घर पहुंचने पर उसने देखा कि उसकी मां के शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे। वह तुरंत मां के पास पहुंचा और उन्हें संभालने की कोशिश की। इसके बाद उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। इसी दौरान उसने देखा कि उसके पिता घर से बाहर निकल रहे थे। बेटे के अनुसार, पिता ने उसे घर से बाहर भेजने के बाद वारदात को अंजाम दिया था। कमलदीप को तुरंत दीप अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना दुगरी की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पड़ोसन ने भी बताई घटना से जुड़ी बात
पड़ोसन नरिंदर कौर ने बताया कि वह गुरुद्वारे से लौट रही थीं, तभी रास्ते में उनकी मुलाकात रविंदर सिंह से हुई। उन्होंने उसे सत श्री अकाल कहा और पूछा कि क्या वह विदेश से वापस आ गया है। रविंदर ने हां में जवाब दिया और वहां से चला गया। कुछ देर बाद जब नरिंदर कमलदीप के घर के पास पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि घर का गेट खुला हुआ था। इलाके में पहले चोरी की घटनाएं हो चुकी थीं, इसलिए उन्होंने घर के पास जाकर कमलदीप को आवाज लगाई।
इसी दौरान उन्हें अंदर से गगनदीप के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। बेटे ने उन्हें बताया कि उसकी मां की हत्या कर दी गई है। नरिंदर के अनुसार, कमलदीप का शव जमीन पर पड़ा था और उसी समय रविंदर घर से बाहर निकलता दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया।
पत्नी पर शक करता था आरोपी
थाना दुगरी के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि कमलदीप के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए गए थे। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रविंदर अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि हत्या किस वजह से की गई। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने विदेश से लौटने से पहले ही वारदात की योजना बना ली थी। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App




