मुजफ्फरपुर में गैस पाइपलाइन में जोरदार ब्लास्ट, 1 शख्स की मौत और 10 से ज्यादा घायल

Summary :

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को गोबरसही-डुमरी इलाके में नाला निर्माण के दौरान एक गैस पाइपलाइन फट गई। खुदाई कर रही जेसीबी और पोकलेन मशीन की चपेट में आने से यह हादसा हुआ।

बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार को गैस पाइपलाइन फट गई। नाला निर्माण के दौरान खुदाई कर रही जेसीबी और पोकलेन मशीन की चपेट में आने से पाइपलाइन फट गई। गैस के तेजी से रिसाव की वजह से वहां जोरदार धमाका हो गया और भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए और 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके बाद से पूरे इलाके को खाली कराया गया।

पाइपलाइन से गैस रिसाव के बाद भड़की आग

यह मामला मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी इलाके का है। जहां नाला बनाने का काम चल रहा था, खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में आने से गैस पाइपलाइन फट गई। पाइपलाइन से तेजी से गैस लीक होने के बाद जोरदार धमाका हुआ और फिर आग भड़क उठी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों के शीशे भी टूट गए।

इलाका खाली कराया गया

Muzaffarpur gas pipeline burst
Muzaffarpur Gas Pipeline Burst (Image- Google)

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा को देखते हुए सबसे पहले आसपास के इलाके को खाली कराया गया। इसके साथ ही, गैस कंपनी के कर्मचारियों ने पाइपलाइन का मुख्य वाल्व बंद करके गैस का रिसाव रोका। फिलहाल वहां राहत और बचाव का काम जारी है।

Also Read: ‘अमीर लोग 125 यूनिट फ्री बिजली छोड़ें’, आखिर अचानक ऐसा क्यों बोले सीएम सम्राट; समझिए पूरी योजना

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।