गोवा : सीएम सावंत ने कहा- राजनीति में कुछ भी संभव है

Summary :

गोवा में कांग्रेस के 10 विधायकों के सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के लगभग तीन महीने बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने और अधिक विपक्षी नेताओं के पार्टी में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया है।

गोवा में कांग्रेस के 10 विधायकों के सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के लगभग तीन महीने बाद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने और अधिक विपक्षी नेताओं के पार्टी में शामिल होने की संभावना से इनकार नहीं किया है। सावंत ने शनिवार को यहां कांग्रेस विधायक एलेक्सियो रेजिनाल्डो लॉरेंसो के 50वें जन्मदिवस समारोह में कहा कि “राजनीति में कुछ भी संभव है।” 
जन्मदिवस समारोह के दौरान गोवा के बंदरगाह मंत्री माइकल लोबो ने दावा किया कि लॉरेंसो “निकट भविष्य में राज्य के उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं।” सावंत ने बाद में इस संभावना से इंकार नहीं किया कि लॉरेंसो निकट भविष्य में भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा, “लॉरेंसो विपक्ष में अच्छा काम कर रहे हैं। वह अच्छा प्रशासन देने में हमारी मदद कर रहे हैं क्योंकि (लोकतांत्रिक व्यवस्था में) अच्छा विपक्ष जरूरी होता है।” 

14 अक्टूबर से बजट तैयारी की प्रक्रिया शुरू करेगा वित्त मंत्रालय

लॉरेंसो को उपमुख्यमंत्री बनाने के लोबो के दावे के बारे में पूछे जाने पर सावंत ने कहा, “राजनीति में कुछ भी संभव है, जो आप नहीं जानते। मैंने कहा कुछ भी संभव है।” हालांकि कोर्टोरिम से विधायक लॉरेंसो गोवा विधानसभा में कई मौकों पर भाजपा नीत सरकार की आलोचना कर चुके हैं। उन्होंने सत्तारूढ़ पार्टी में जाने बात से भी इनकार किया है। 
उन्होंने कहा कि, “कांग्रेस छोड़कर जाने की मेरी कोई योजना नहीं है।” गौरतलब है कि जुलाई में कांग्रेस के दस विधायक भाजपा में शामिल हो गए थे, जिससे विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 15 से घटकर पांच रह गई थी। 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में भाजपा के फिलहाल 27 विधायक हैं। इसके अलावा सदन में कांग्रेस के पांच, गोवा फॉरवर्ड पार्टी के तीन, तीन निर्दलीय और महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी तथा राकांपा का एक-एक विधायक है। 

Desk Team