PM मोदी नवाज शरीफ से मिल सकते हैं तो हम ममता से क्‍यों नहीं : संजय राउत

Summary :

NULL

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी इन दिनों दिल्‍ली में हैं। इस दौरान शिवसेना नेता संजय राउत ने ममता बनर्जी से मुलाकात की। मुलाकात पर संजय राउत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। राउत ने कहा, ‘पीएम नरेंद्र मोदी जब पाकिस्तान जाकर नवाज शरीफ से मिल सकते हैं, तो हम ममता बनर्जी से क्यों नहीं मिल सकते हैं? वह भारतीय हैं और एक राज्य की मुख्यमंत्री हैं।’

उन्होंने आगे कहा कि एक वक्त पर ममता बनर्जी एनडीए का हिस्सा रह चुकी हैं। आज जब वह एनडीए में नहीं हैं तो क्या वह अछूत हो गई हैं? आपको बता दे कि वह गैर बीजेपी और गैर कांग्रेस गठबंधन तैयार करने की तैयारी कर रही हैं। ममता बनर्जी ने साल 2019 के लोकसभा चुनावों में बीजेपी से मुकाबले के लिए क्षेत्रीय दलों का एक संघीय मोर्चा बनाने की संभावना तलाशने के मकसद से एनसीपी प्रमुख शरद पवार तथा तेदेपा, सपा, राजद, बीजद, नेकां के साथ साथ राजग की घटक शिवसेना के नेताओं से भी मुलाकात कर चुकी हैं।

लेकिन क्षेत्रीय दल कांग्रेस का नेतृत्‍व स्‍वीकार नहीं करना चाहते। जानकारी के अनुसार, टीआरएस, बीजेडी जैसी क्षेत्रीय पार्टियां इस मोर्चे का हिस्‍सा बनने में हिचक रही हैं। बनर्जी इस पर जोर दे रहे हैं कि कांग्रेस मोर्चे का हिस्‍सा तो बने, मगर नेतृत्‍व न करे। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब विपक्षी पार्टियां और साथ ही सरकार की पूर्व सहयोगी टीडीपी लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए एकजुट हुई हैं।

हालांकि, इस मुलाकात का विवरण साझा नहीं किया गया। अगले लोकसभा चुनाव से पहले गैर-भाजपा राजनीतिक दलों के संभावित गठबंधन में ममता बनर्जी की भूमिका को प्रमुखता से देखा जा रहा है। ममता बनर्जी की कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात अभी तय नहीं है।

24X7  नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।

Desk Team