PM Modi सरकार का लक्ष्य, सुरक्षित और विकसित दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह

Summary :

Delhi में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई के आदेश

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद, दिल्ली पुलिस आयुक्त और सरकार के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा, केंद्रीय गृह सचिव और आईबी प्रमुख के साथ-साथ गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।

अमित शाह ने बैठक की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “मोदी सरकार सुरक्षित दिल्ली, विकसित दिल्ली बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, गृह विभाग के मंत्री आशीष सूद, दिल्ली पुलिस आयुक्त व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था पर बैठक की। दिल्ली में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को घुसाने से लेकर बसाने तक के पूरे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई हो और इन्हें चिन्हित कर इनका डिपोर्ट सुनिश्चित करें। साथ ही, दिल्ली पुलिस को अंतरराज्यीय गिरोह और ड्रग्स सिंडिकेट को जड़ से समाप्त करने और साइबर अपराध के विरुद्ध जागरूकता लाने के भी निर्देश दिए।

इस अहम बैठक में अमित शाह ने कहा कि दिल्ली की ‘डबल इंजन सरकार’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं के अनुरूप विकसित और सुरक्षित दिल्ली के लिए दोगुनी गति से काम करेगी। बैठक में नवगठित दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने की रणनीतियों पर ध्यान केंद्रित करने के साथ-साथ शहर में कानून-व्यवस्था के लिए उभरते खतरों से निपटने के लिए पुलिसिंग उपायों को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में अंतरराज्यीय गिरोहों को निर्मम तरीके से खत्म करना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। नशीले पदार्थों के मामलों में ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर की नीति से काम करें और इसके पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करें। गृह मंत्री ने निर्देश दिया कि दिल्ली में निर्माण से संबंधित मामलों में दिल्ली पुलिस की अनुमति की आवश्यकता नहीं होगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.