पटना : बिहार के मुंगेर में मिले एके-47 को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने शुक्रवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर निशना साधा। नीतीश की पार्टी जद (यू) ने भी तेजस्वी पर पलटवार करते हुए आइना दिखाया है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि 1947 से एके-47 तक। 1947 में भारत को आजादी मिली और आज बिहार में स्वतंत्र रूप से एके-47 का उपयोग करने की आजादी है।
उन्होंने गुरुवार को एक ट्वीट में जद (यू) के विधायकों पर एके-47 रखने का आरोप लगाते हुए ट्वीट कर कहा था कि खूंखार अपराधियों की पार्टी के सरगना हैं नीतीश कुमार। विगत दो महीने में इनके दो विधान पार्षद और विधायक विपक्षी नेताओं के हत्याकांड में शामिल है। एक विधायक एके-47 का धंधा करता है। इनके नेता दुष्कर्म, हत्या और शराब तस्करी में संलिप्त हैं। फंसने पर नैतिक कुमार इन्हें बचा देते हैं।तेजस्वी द्वारा ट्विटर के माध्यम से सरकार पर आरोप लगाए जाने के बाद जद (यू) ने भी पलटवार करने में देर नहीं की। जद (यू ) प्रवक्ता नीरज कुमार ने ट्वीट कर तंज कसते हुए तेजस्वी को आइना दिखाया। उन्होंने लिखा कि कभी अपने घर और पार्टी में भी ताकझांक कर लीजिए। घर में देह व्यापार के आरोपी को अपना निजी सहायक बनाकर रखा है।
दुष्कर्म के आरोपी विधायक राजबल्लभ पार्टी में हैं। पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जेल में हैं और नैतिकता का पाठ दूसरों को पढ़ा रहे हैं? जद (यू) के प्रवक्ता ने नवादा में पटवन को लेकर दो लोगों की हत्या में राजद कार्यकर्ताओं के शमिल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि बिहिया, गया और जहानाबाद के बाद खबर है कि नवादा में आपके ही बिगड़ैल समर्थकों ने यह कृत्य किया है। अपने समर्थकों पर लगाम लगाइए, वरना बहुत देर हो जाएगी। उन्होंने आगे कहा कि बिहार में कानून का राज है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी कर दोषियों को तो सजा दिलाएगी, लेकिन आप भी तो कुछ कीजिए। गौरतलब है कि तेजस्वी ने नवादा में हुई महिला सहित दो लोगों की हत्या को लेकर सरकार को घेरा था।


Download Android App
Download iOS App



