Protest Against Women’s Bill Rejection: भाजपा द्वारा 131वें संविधान संशोधन विधेयक (महिला आरक्षण) के लोकसभा में पास न होने के विरोध में लुटियन जोन में भाजपा का व्यापक विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। एहतियात के तौर पर लोकसभा में विपक्षी नेता राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। इसके अलावा बैरिकेड्स लगा दिए गए। जब भाजपा कार्यकर्ताओं का काफिला जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं, आगे बढ़ा तो उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जिसमें बांसुरी स्वराज और अन्य शामिल थे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया।
स्थानीय पुलिस की भारी संख्या में तैनाती
वहीं सुरक्षा इनपुट के आधार पर अर्धसैनिक बलों और स्थानीय पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई है। दरअसल भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के घर तक विरोध मार्च के दौरान उनका पुतला जलाया। विपक्ष पर नारी विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए महिला सांसदों, नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता राहुल गांधी के आवास का घेराव करने पहुंचे थे। पुलिस को महिला कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार (वाटर कैनन) का इस्तेमाल करना पड़ा। प्रदर्शन राहुल गांधी के घर के पास हुआ। हालांकि उस समय राहुल गांधी घर पर नहीं थे।
तमिलनाडु में चुनावी रैली में शामिल होने गए
वह तमिलनाडु में चुनावी रैली में शामिल होने गए थे। प्रदर्शन में भाजपा की कई महिला सांसद शामिल हुईं। इनमें हेमा मालिनी, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, मंजू शर्मा और वत्सला गुप्ता शामिल थीं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद मनोज तिवारी और पार्टी की महिला कार्यकर्ताएं भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं। बहरहाल राहुल गांधी के आवास के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू की गई है।


Download Android App
Download iOS App




