पूर्वी दिल्ली : आपने तीमारदारों॓ द्वारा डॉक्टरों की पिटाई करने के किस्से तो बहुत सुने होंगे, लेकिन हम आज आपको ऐसी घटना के बारे में बताने जा रहे हैं, जहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग मां के इंजेक्शन लगवाने आए बेटे की पिटाई कर दी। मामला शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के आनंद विहार इलाके में स्थित पुष्पांजलि अस्पताल का है। इतना ही नहीं आरोपी डॉक्टरों ने बेटे की पिटाई करने के बाद मां और उनकी बहू को भी धक्का देकर बाहर निकाल दिया।
इस घटना से अस्पताल प्रशासन के काम करने के तौर-तरीकों की पोल भी खुल गई है, चूंकि जिस मरीज को डॉक्टर कुछ देर पहले तक भर्ती करने की बात कर रहे थे, महिला के बेटे ने एडमिट करने जैसी स्थिति न होते हुए अपनी मां को एडमिट करने से इनकार किया तो फिर डॉक्टर ने अपशब्द कहने शुरू किए। पीड़ित को उकसाने के लिए डॉक्टरों ने उन्हें थप्पड़ तक दिखाए और घेर लिया। इस पर पीड़ित ने गार्ड को पीछे करने के लिए हाथ से धक्का दिया तो आरोपी डॉ. नवीन, अनुज कुंडलिया समेत ड्राइवर अनिल, पीड़ित पर टूट पड़े।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने पीड़ित विपिन आहूजा (37) के बयान पर मारपीट समेत विभिन्न संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है। पुलिस के मुताबिक, विपिन परिवार सहित विवेक विहार इलाके में रहते हैं। गत शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह अपनी मां शशि (60) को पेट में दर्द होने के कारण पुष्पांजली अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
बुजुर्ग महिला शुगर की मरीज हैं, उनके डॉक्टर ने बेटे से फोन पर एक इंजेक्शन का नाम बताकर इंजेक्शन लगवाने के लिए कहा था। इसी कारण वह अस्पताल पहुंचे थे। मगर अस्पताल के डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगाने की बजाये महिला को भर्ती करने की बात पर अड़ गए।
फैमिली डॉक्टर से नहीं की बात
आरोप है कि वो इमरजेंसी के ऑन ड्यूटी डॉ. नवीन और डॉ. अनुज से कहते रहे कि वह एक बार उनके फैमिली डॉक्टर से फोन पर बात कर लें। मगर किसी ने बात नहीं की। इसके बाद जब विपिन ने मां से कहा कि चलो यहां से ये जबरन भर्ती करने के लिए कह रहे हैं तो डॉ. नवीन ने कहा कि हां-हां जाओ यहां से यहां हमने कोई धर्मशाला नहीं खोल रखी है। इस पर विपिन जब पूछने गए कि बात कैसे कर रहे हो तो उन्हें घेर लिया।
अस्पताल ने भी दर्ज कराई एफआईआर
इस मामले में पहले तो अस्पताल के एमएस व अन्य डॉक्टर समझौता करने के लिए पीड़ित पर दबाव बनाते रहे। वह डॉक्टरों को ये कहकर बचाने में लगे रहे कि दोनों तरफ से हीट ऑफ दी मूमेंट में सब हुआ। इसके बाद भी पीड़ित समझौते के लिए नहीं मानें तो शनिवार रात साढ़े 11 बजे अस्पताल की ओर से भी शिकायत दी गई। जिसके आधार पर पुलिस ने अस्पताल में हिंसा और नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया है।


Download Android App
Download iOS App



