Raghav Chadha Name Gets Deleted From Punjab voter List : आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का पंजाब की मतदाता सूची से नाम कटने को लेकर भाजपा की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा दिल्ली में रहते हैं, ऐसे में पंजाब में उनका वोट क्यों होना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के नियमों के मुताबिक जो व्यक्ति दिए गए पते पर नहीं मिलता, उसका नाम मतदाता सूची से हटाया जा सकता है और राघव चड्ढा भी संबंधित पते पर नहीं मिले, इसलिए उनका नाम कट गया। आप मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली में मकान बदलने वाले लाखों लोगों को ‘शिफ्टेड’ बताकर मतदाता सूची से बाहर कर दिया गया। चुनाव आयोग के अधिकारियों से बातचीत में उन्हें बताया गया कि यदि कोई व्यक्ति एक मकान से दूसरे मकान में शिफ्ट हो जाता है तो उसे एसआईआर फॉर्म नहीं दिया जाएगा और उसका वोट शिफ्टेड दिखाकर काट दिया जाएगा।
भारद्वाज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी राघव चड्ढा के एक वोट को लेकर चिंता जता रही है, लेकिन दिल्ली में कटे कथित एक तिहाई वोटों की उसे चिंता क्यों नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने वीआईपी और आम लोगों के लिए अलग-अलग मापदंड अपनाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा दिल्ली में बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम काटा जाना लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही कहा कि यदि विरोधी मतदाताओं के नाम इसी तरह काटे जाते रहे तो चुनाव की निष्पक्षता पर बड़ा सवाल खड़ा होगा।
उधर आप की मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम पंजाब की मतदाता सूची से कटने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के निर्देश पर एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और इसी के तहत पंजाब में करीब 20 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा को केवल अपने नाम की चिंता करने के बजाय इन लाखों लोगों की आवाज भी उठानी चाहिए।



Download Android App
Download iOS App




