नई दिल्ली : राजधानी में सोमवार को हुई बारिश ने ठंड को बढ़ा दिया और अनुमान है कि मंगलवार को बारिश होने से अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी जिससे ठंड और भी बढ़ेगी। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सोमवार को विगत वर्षों के मुकाबले बढ़े हुए दर्ज किए गए।
मंगलवार को भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बूंदाबांदी जारी रहेगी, इस दौरान गर्जन के साथ ओले भी पड़ सकते हैं। मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे और धूलभरी हवाएं भी चल सकती हैं। यह स्थिति आगामी 26 जनवरी तक बनी रहेगी। दिल्ली में सोमवार को सफदरजंग में सुबह साढ़े सात बजे 800 मीटर, जबकि पालम में सुबह साढ़े पांच बजे 1500 दृश्यता दर्ज की गई।
सफदरजंग केन्द्र पर सुबह साढ़े 11 बजे 16 किलोमीटर प्रतिघंटा, ढाई बजे 20 किलोमीटर प्रतिघंटा और शाम साढ़े पांच बजे 25 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चलीं। पालम में ढाई बजे 30 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली। सोमवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान 22.6 और 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान चार डिग्री अधिक रहा है। शाम साढ़े पांच बजे तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और रात तक बूंदाबांदी जारी रही।


Download Android App
Download iOS App



