केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर राष्ट्रीय राजधानी में पीने के पानी के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें इस मुद्दे को गंभीरता से लेना चाहिए क्योंकि लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं और बच्चे इसके कारण ‘‘मर रहे’’ हैं।
उपभोक्ता, खाद्य और जन वितरण मामलों के मंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के नेता इस मुद्दे पर विरोधाभासी बयान दे रहे हैं, जबकि भारतीय शहरों में पीने के पानी की गुणवत्ता के संबंध में अधिकृत एजेंसियों द्वारा लिए गए पानी के नमूनों के परीक्षण के मुताबिक दिल्ली सबसे निचले स्थान पर है।
पासवान ने कहा, ‘‘केजरीवाल को इस मामले पर अनावश्यक राजनीति से दूर रहना चाहिए। लोग दूषित पानी पीने के लिए मजबूर हैं और बच्चे इसके कारण मर रहे हैं। उन्हें मामले को गंभीरता से लेना चाहिए।’’ मंत्री ने कहा कि उनके मंत्रालय ने भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) से राष्ट्रीय राजधानी के प्रत्येक निकाय वार्ड से लिए गए पांच नमूनों का परीक्षण करने और 15 दिन में एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए कहा था।
पासवान ने कहा कि उन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी के परीक्षण के लिए एक संयुक्त टीम में केंद्र सरकार के अधिकारियों के साथ काम करने के लिए केजरीवाल को अपनी सरकार के अधिकारियों को नामित करने को कहा था, लेकिन आप सरकार ने इसको लेकर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। दिल्ली में पानी के मुद्दे ने राजनीतिक रूप ले लिया है जहां अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होना है।


Download Android App
Download iOS App



