नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी रमेश बिधूड़ी ने आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी राघव चड्ढा द्वारा लगाए गए ‘ईवीएम बदलने के आरोप’ पर पलटवार करते हुए कहा है कि आम आदमी पार्टी के मुखिया सहित उनकी पार्टी पदाधिकारियों के डीएनए और फितरत में नौटंकी करना और भ्रम फैलाना शामिल है। दिल्ली की जनता इनकी करतूतों को जान चुकी है, इन्हें खुद भी मालूम है कि अपने ही सर्वे की रिपोर्ट में दिल्ली में तीसरे स्थान पर आ रहे हैं।
रमेश बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली की जनता जान चुकी है कि पिछले चार वर्षों में इन्होंने दिल्ली के विकास के लिए कुछ नहीं किया। दिल्ली के लोगों से 2015 में चूक हो गई थी उसका अहसास उन्हें हो गया है। इसलिए लोगों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भरोसा करते हुए भाजपा को वोट देकर अपना पूर्ण समर्थन दिया है क्योंकि लोग यह भी मान चुके हैं कि देश की तर्ज पर दिल्ली का विकास प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ही होना संभव है।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल और पार्टी के सदस्यों में बौखलाहट प्रत्यक्ष प्रमाण है कि ये लोग सिर्फ सत्ता हासिल कर अराजकता फैलाना चाहते हैं। ये एक बार फिर से संवैधानिक संस्थाओं पर उंगली उठा रहे हैं। इनकी मानसिकता सिर्फ अराजकता फैलाने की है, जो लोग सत्ता के लिए ‘भारत तेरे टुकड़े होंगे’ गैंग के साथ खड़े हो सकते हैं जिससे उनकी देशद्रोही मानसिकता झलकती है। भला ऐसी मानसिकता के व्यक्तियों से और क्या उम्मीद की जा सकती है।


Download Android App
Download iOS App



