Special Cell Arrested Three Shooters : दिल्ली-एनसीआर में गैंगवार और रंगदारी के लिए फायरिंग की बढ़ती साजिशों के बीच स्पेशल सेल की दक्षिण-पश्चिमी रेंज ने टिल्लू ताजपुरिया- कौशल चौधरी-गुरविंदर बाबा गैंग के तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार कर बड़ी वारदात को टाल दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी रंगदारी के लिए सैलून और अन्य ठिकानों पर फायरिंग की तैयारी में थे और उन्हें अमेरिका में बैठे गुरविंदर उर्फ बाबा से निर्देश मिलने का आरोप है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हेमंत उर्फ मोनू (33), नयन अग्रवाल (25) और दुर्गेश राय उर्फ डेविल (22) के रूप में हुई है। डीसीपी स्पेशल सेल नारा चैतन्य ने बताया कि एसीपी पुरन चंद्र पंत की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप यादव और इंस्पेक्टर नीरज कुमार की टीम ने की है।
दस दिन की निगरानी के बाद दबोचे गए
स्पेशल सेल को गैंग से जुड़े सक्रिय बदमाशों और शूटरों की गतिविधियों पर नजर रखने की जिम्मेदारी दी गई थी। करीब दस दिनों तक लगातार खुफिया जानकारी और जमीनी स्तर पर निगरानी के बाद 2 अगस्त को टीम को पश्चिम विहार इलाके में दो संदिग्ध शूटरों के मौजूद होने की सूचना मिली। जिला पार्क के पास जाल बिछाकर हेमंत और नयन को दबोच लिया गया। तलाशी में एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल और आठ कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि मई में गुरविंदर बाबा के निर्देश पर वे हथियारों की खेप लेने जिरकपुर गए थे। उन्हें खेत में एक लोकेशन भेजी गई थी, जहां से हथियार लेकर दिल्ली में गैंग के एक संपर्क को सौंपे गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने चंडीगढ़ के दो सैलून पर रंगदारी के लिए फायरिंग की कोशिश भी की थी, लेकिन वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
सोशल मीडिया पर हथियारों का दिखावा
जांच के दौरान पुलिस को गैंग से जुड़े तीसरे आरोपी दुर्गेश राय उर्फ डेविल की जानकारी मिली। उसे 8 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि दुर्गेश ने गुरविंदर बाबा के निर्देश पर करनाल के खेतों में बने एक मकान पर फायरिंग की थी। उसके खिलाफ राजस्थान में अपहरण और लूट का मामला भी दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक, वह सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर इलाके में दहशत पैदा करने की कोशिश करता था। पुलिस के अनुसार, हेमंत गैंग में हथियार, पैसा और लॉजिस्टिक उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा रहा था। वह पहले भी हथियार और गोलीबारी के मामले में आरोपी रहा है। नयन पहली बार अपराध की दुनिया में आया था और हेमंत के संपर्क में रहकर गैंग से जुड़ा।



Download Android App
Download iOS App




