Mayor Gave Gift To Employees On Independence Day : स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली नगर निगम के हजारों कर्मचारियों के लिए महापौर प्रवेश वाही ने ऐसी सौगात दी है, जिसका लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। निगम के स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत करीब 4,400 एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को अब समान वेतन का लाभ मिलेगा। इस फैसले से पात्र कर्मचारियों के वेतन में करीब 10 हजार रुपये प्रतिमाह तक की बढ़ोतरी होगी। खास बात यह है कि महापौर प्रवेश वाही ने बजट में किए अपने वादे को महज घोषणा बनकर नहीं रहने दिया, बल्कि तमाम प्रशासनिक, वित्तीय और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कराकर उसे अमलीजामा पहनाने में अहम भूमिका निभाई।
प्रवेश वाही ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस महत्वपूर्ण निर्णय की घोषणा करते हुए कहा कि कर्मचारियों को उनके काम और जिम्मेदारियों के अनुरूप उचित तथा समान वेतन दिलाना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय उनके लिए बेहद संतोष का विषय है, क्योंकि इसके पीछे कर्मचारियों के हितों से जुड़ा एक लंबा मामला था और इसे अंतिम रूप देने के लिए कई स्तरों पर प्रक्रिया पूरी करनी पड़ी। प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में विकास के साथ कर्मचारी हितों को भी प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि निगम व्यवस्था को मजबूत बनाने में कर्मचारियों का कल्याण अहम आधार है
बजट में किया वादा, अब हुआ पूरा
महापौर प्रवेश वाही के लिए यह फैसला इसलिए भी अहम है क्योंकि नेता सदन के रूप में उन्होंने अपने बजट भाषण में ही एमटीएस (डीबीसी) कर्मचारियों को समान वेतन का लाभ देने की घोषणा की थी। उस घोषणा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने निगम प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया। स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा और निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ तालमेल कर मामले से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा किया गया। अब अंतिम हस्ताक्षर होने के साथ यह फैसला कर्मचारियों के लिए वास्तविक राहत में बदल गया है।
प्रवेश वाही ने कहा कि उन्होंने इस मामले को केवल एक फाइल या प्रशासनिक प्रक्रिया के तौर पर नहीं देखा, बल्कि निगम कर्मचारियों के सम्मान और अधिकार से जुड़ा विषय माना। उन्होंने कहा, “अनेक बाधाओं और आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद इस निर्णय पर अंतिम मुहर लगने से मुझे संतोष है। यह केवल प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि निगम कर्मचारियों के सम्मान और उनके अधिकार से जुड़ा विषय है।”
अगले माह से मिलेगा बढ़े वेतन का लाभ
निगम के अनुसार नियमा नुसार बढ़े हुए वेतन का भुगतान आगामी माह में किया जाएगा। समान वेतन का लाभ पाने वाले कर्मचारियों को एमटीएस पद से संबंधित कार्य और जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा। इस निर्णय से करीब 4,400 कर्मचारी ही नहीं, बल्कि उनके परिवार भी आर्थिक रूप से लाभान्वित होंगे। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि निगमकर्मी दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके परिश्रम के अनुरूप वेतन और सम्मान सुनिश्चित करना निगम प्रशासन का दायित्व है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फैसले से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे और अधिक उत्साह के साथ दिल्ली की जनता की सेवा करेंगे।



Download Android App
Download iOS App




