Historic launch of Delhi Laxmi Yojana : दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और वित्तीय रूप से मजबूत बनाने की दिशा में दिल्ली सरकार ने बुधवार को ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ किया। तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के सांसदों, सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों व अन्य गणमान्य अतिथियों ने योजना का औपचारिक शुभारंभ किया।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण, वित्तीय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को समर्पित इस महत्वपूर्ण पहल के तहत अब तक निर्धारित पात्रता और सत्यापन प्रक्रिया के उपरांत 4,190 पात्र लाभार्थियों के स्वीकृति पत्र जारी किए गए हैं। योजना के तहत 1 सितंबर से पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 2,500 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता डीबीटी के माध्यम से पहुंचाई जाएगी। यह राशि महिलाएं अपनी आवश्यकताओं और परिवार से जुड़े छोटे-बड़े खर्चों के लिए अपनी इच्छा के अनुसार उपयोग कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने 65 चयनित लाभार्थी महिलाओं को प्रतीकात्मक रूप से स्वीकृति पत्र प्रदान किए। ये स्वीकृति पत्र दिल्ली लक्ष्मी योजना के शुभारंभ के इस अवसर पर सरकार की ओर से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और उन्हें सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता के प्रतीक बने। दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य 21 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की, परिवार की वरिष्ठ पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनकी वित्तीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता एवं सशक्तीकरण को मजबूत करना है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र महिला को 2,500 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
दिल्ली लक्ष्मी योजना, मोदी की गारंटी को पूरा करने वाला कदमः हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार द्वारा दिल्ली के विकास और विशेष रूप से महिलाओं एवं बेटियों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी का अर्थ काम पूरा होने की गारंटी है और दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ इसी संकल्प को पूरा करने का प्रमाण है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार देश की माताओं और बहनों के कल्याण एवं सशक्तीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। दिल्ली लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, उनके आत्मसम्मान को बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मिलेगा बलः एलजी संधू
दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने दिल्ली की सभी बहनों और बेटियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की गई यह योजना दिल्ली की महिलाओं के लिए एक विशेष सौगात है। गुरु नानक देव जी के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जिस नारी ने महान राजाओं और महापुरुषों को जन्म दिया, उसे बुरा कैसे कहा जा सकता है। देश की लगभग आधी आबादी महिलाओं की है और विकसित दिल्ली एवं विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की बराबर की भागीदारी होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्र की शक्ति की विभिन्न धाराओं का विजन दिया है, जिसमें मैन्युफैक्चरिंग, कृषि, फूड प्रोसेसिंग, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, गतिशक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन एवं ब्लू इकोनॉमी तथा सॉफ्ट पावर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में नारी शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। नारी शक्ति से ही राष्ट्र शक्ति का निर्माण संभव है। उपराज्यपाल ने कहा कि भारतीय परिवार व्यवस्था में महिलाओं को ‘गृह लक्ष्मी’ कहा जाता है। दिल्ली लक्ष्मी योजना इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए महिलाओं के सम्मान, सशक्तीकरण और वित्तीय स्वतंत्रता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
महिला नेतृत्व वाले विकास के विजन को दिल्ली में मिल रही नई दिशाः सीएम
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की बहनों को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता देने का संकल्प सरकार ने लिया था और आज वह संकल्प धरातल पर उतर रहा है। 1 अगस्त से योजना के लिए पंजीकरण शुरू हुआ था और अब तक 9.22 लाख से अधिक महिलाओं ने पंजीकरण कराया है। यह योजना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि दिल्ली की महिलाओं को आर्थिक सुरक्षा, आत्मविश्वास और अपने फैसले खुद लेने की ताकत देने का माध्यम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत हर महीने मिलने वाली 2,500 रुपये की सहायता को महिलाओं के वर्तमान खर्च और भविष्य की बचत, दोनों को ध्यान में रखते हुए दिया जाएगा।
इसके तहत 1,000 रुपये डिजिटल वॉलेट के माध्यम से खर्च के लिए उपलब्ध होंगे, जबकि 1,500 रुपये की राशि एफडी/आरडी के रूप में जमा की जाएगी ताकि महिलाओं के लिए भविष्य की बचत भी तैयार हो सके। रेखा गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को परिवार और समाज में मां लक्ष्मी के समान समृद्धि और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार की योजनाओं के केंद्र में महिलाएं और बेटियां हैं। दिल्ली सरकार ने महिलाओं के जीवन के अलग-अलग चरणों और उनकी अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई पहल शुरू की हैं।
रक्षाबंधन और तीज के अवसर पर महिलाओं को समर्पित ‘लक्ष्मी’ की सौगात
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन, तीज और रक्षाबंधन के इस विशेष अवसर पर दिल्ली लक्ष्मी योजना का शुभारंभ दिल्ली की बहनों के लिए एक विशेष सौगात है। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री की ओर से दिल्ली की बहनों के लिए ‘तीज का सिंधारा’ और ‘राखी की सौगात’ बताते हुए कहा कि यह सहायता महिलाओं को अपनी जरूरतों और सपनों के लिए उपयोग करने का अवसर देगी। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली देवियों की धरती है, जहां मां झंडेवाली, मां कालका, मां छतरपुर, मां योगमाया आदि शक्तियों का आशीर्वाद है। उनका प्रयास है कि दिल्ली की हर महिला सुरक्षित, खुशहाल और आत्मनिर्भर रहे। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आई दिल्ली की बहनों को विश्वास दिलाया कि वे जो राखी और धन्यवाद पत्र प्रधानमंत्री के लिए लाई हैं, उन्हें वह स्वयं उन तक पहुंचाएंगी।
चेहरे पर खुशी, ‘धन्यवाद रेखा दीदी’ के नारों से गूंजा स्टेडियम
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का ‘धन्यवाद रेखा दीदी’ के नारों के साथ अभिनंदन किया। महिलाओं के उत्साह और समर्थन से पूरा कार्यक्रम स्थल गूंज उठा। कई महिलाओं के लिए यह क्षण केवल एक योजना के शुभारंभ का नहीं, बल्कि अपने संघर्ष, उम्मीदों और बेहतर भविष्य के सपनों को सम्मान और सहारा मिलने का भावुक अवसर था। स्वीकृति पत्र प्राप्त करते समय महिलाओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास की झलक दिखाई दी। महिलाओं के भावनात्मक स्वागत और उत्साह से तालकटोरा स्टेडियम लंबे समय तक ‘धन्यवाद रेखा दीदी’ के नारों से गूंजता रहा।
सांसदों, मंत्रियों, मेयर व जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया हौसला
दिल्ली सरकार ने अपने एक महत्वपूर्ण वादे को पूरा किया है, इसलिए तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में हजारों महिलाओं के अलावा जनप्रतिनिधि भी गवाह बने। उन्होंने इस वादे को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शुभकामनाएं दी और वहां पहुंची महिलाओं व प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में उत्सव सरीखा वातावरण दिखा। दिल्ली सरकार व मुख्यमंत्री के पक्ष में लगातार नारे लगते रहे।
कार्यक्रम में दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, मनोज तिवारी, योगेन्द्र चंदोलिया, कमलजीत सहरावत, बांसुरी स्वराज, प्रवीण खंडेलवाल व दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही, अनेक विधायक व पार्षद उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, महिला व बाल विकास विभाग की सचिव रश्मि सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव विपुल पाठक व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।



Download Android App
Download iOS App




