Dwarka District Crime News : द्वारका डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी को बलैकमेल करने वाले शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने सोशल मीडिया पर दोस्ती के बाद पीड़िता को मिलने के लिए बुलाया। पीड़िता ने मना कर दिया तो आरोपी ने एआई की मदद से नाबालिग लड़की की अश्लील फोटो तैयार की। जिसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। पीड़िता से करीब 1.20 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपी ने पैसे नहीं देने पर पीड़िता के पिता और परिवार की हत्या कराने तथा उस पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय दुबे के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दिसंबर 2023 में नाबालिग लड़की की इंटरनेट मीडिया के जरिए अजय दुबे से दोस्ती हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे विश्वास में ले लिया।
इसके बाद आरोपी ने एआई की मदद से लड़की की अश्लील फोटो तैयार कर ली। आरोपी ने फोटो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे रुपये मांगने शुरू कर दिए। डर के कारण पीड़िता अपनी मां के बैंक खाते से अलग-अलग किस्तों में रकम आरोपी के खाते में भेजती रही।
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2024 से आरोपी लगातार पीड़िता को धमकाने और गाली-गलौज करने लगा। जुलाई 2025 में जब लड़की ने आरोपी से मिलने से इनकार कर दिया तो उसने फोटो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता द्वारा शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने उसके पिता और चाचा की हत्या कराने के साथ ही उस पर तेजाब फेंकने की धमकी भी दी।
मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब पीड़िता के पिता की नजर बैंक खाते के लेनदेन पर पड़ी। उन्होंने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मोहन गार्डन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खाते में हुए लेनदेन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपी की पहचान अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश निवासी अजय दुबे के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके द्वारा पीड़िता को भेजी गई धमकियों, रकम की वसूली और एआई से तैयार की गई अश्लील तस्वीरों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।



Download Android App
Download iOS App




