North East District Crime News : नॉर्थ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के न्यू सीलमपुर इलाके में एक युवक आए दिन पत्नी की कनपटी पर पिस्टल तान कर उसे डराता और धमकाता था। उसे जान से मारने की धमकी देता था। रोज-रोज की इन धमकियों से परेशान पत्नी ने सोमवार रात हिम्मत जुटाई और पीसीआर कॉल कर पुलिस को घर बुला लिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया और घर से पिस्टल और एक कारतूस बरामद कर लिया।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि सोमवार शाम पुलिस को एक पीसीआर कॉल मिली थी। कॉल करने वाली महिला ने बताया कि उसका पति उसे पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी देता है। शिकायत मिलते ही सीलमपुर थाना पुलिस एक मकान की तीसरी मंजिल पर पहुंच गई। जहां पीड़िता महिला फातिमा (27) मिली। उसने पुलिस को बताया कि उसका पति आबिद उर्फ राजा (30) आए दिन छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ झगड़ा करता है। जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल निकालकर उसकी कनपटी पर तान देता है। आरोपी पति की इन हरकतों से पीड़िता लगातार डर और तनाव से जूझ रही थी।
पुलिस के मुताबिक, फातिमा ने बताया कि आरोपी ने पिस्टल घर की अलमारी में छिपाकर रखी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अलमारी की तलाशी ली तो वहां से पिस्टल और एक कारतूस बरामद हो गया। इसके बाद सीलमपुर थाना पुलिस ने आरोपी आबिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मामला दर्ज किया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आबिद पिस्टल कहां से लेकर आया था और उसे हथियार उपलब्ध कराने वाला कौन है। आरोपी के मोबाइल और संपर्कों की भी जांच की जा रही है।
डीसीपी (नॉर्थ-ईस्ट) राहुल अलवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देती है। कोई भी महिला अगर घरेलू हिंसा का शिकार होती है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस महिलाओं के हितों की रक्षा करते हुए उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।



Download Android App
Download iOS App




