जुडियो फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 39.53 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार

Summary :

Cheating In The Name Of Providing Judio Franchise : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने जुडियो की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 39.53 लाख रुपये की ठगी के मामले का खुलासा करते हुए बिहार के शेखपुरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था। डीसीपी (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू चौधरी (23) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें बैंक खातों की खरीद-फरोख्त और लेनदेन से संबंधित चैट मिली…

Cheating In The Name Of Providing Judio Franchise : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट की साइबर थाना पुलिस ने जुडियो की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 39.53 लाख रुपये की ठगी के मामले का खुलासा करते हुए बिहार के शेखपुरा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने का काम करता था।

डीसीपी (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू चौधरी (23) के रूप में हुई है। आरोपी के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इनमें बैंक खातों की खरीद-फरोख्त और लेनदेन से संबंधित चैट मिली हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि गांधी नगर निवासी सुशांत जैन ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उन्होंने गूगल पर जुडियो फ्रेंचाइजी से संबंधित जानकारी हासिल करने के लिए सर्च किया था। इसी दौरान वह एक फर्जी वेबसाइट पर पहुंच गए। इसके बाद राजेश नाम के एक व्यक्ति ने उनसे संपर्क किया और खुद को जुडियो का प्रतिनिधि बताया।

आरोपी ने पीड़ित को फ्रेंचाइजी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर अलग-अलग किस्तों में रकम जमा करने के लिए कहा। उसके झांसे में आकर पीड़ित ने कुल 39.53 लाख रुपये आरोपियों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दी। मामला दर्ज कर पुलिस ने रकम के लेनदेन और इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जांच शुरू की। तकनीकी जांच के दौरान सोनू चौधरी की भूमिका सामने आई।

इसके बाद पुलिस टीम ने बिहार के शेखपुरा में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह पश्चिम बंगाल के नदिया, उत्तर 24 परगना समेत कई इलाकों से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 100 से अधिक बैंक खाते खुलवा चुका है। कई मामलों में वह लोगों को लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करता था और बाद में कमीशन के बदले ये खाते साइबर ठगों को उपलब्ध कराता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

 

 

 

Sumant Chaudhary