Delhi Government : महिला यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए दिल्ली सरकार ने डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ़्त यात्रा के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (एनसीएमसी) की अनिवार्यता की समय-सीमा बढ़ा दी है। नए फैसले के तहत अब 15 अगस्त 2026 तक बस कंडक्टर पहले की तरह कागजी ‘पिंक टिकट’ जारी करते रहेंगे, जबकि 16 अगस्त 2026 से मुफ्त सफर के लिए स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल अनिवार्य होगा। सरकार ने यह कदम महिला यात्रियों को इस नई व्यवस्था में आसानी से ढलने और असुविधा से बचाने के लिए उठाया है। यह फैसला स्मार्ट कार्ड-आधारित सिस्टम को आसानी से अपनाने और यह सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है ताकि इस बदलाव के दौरान किसी भी पात्र महिला यात्री को किसी भी तरह की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
10 जुलाई 2026 को जारी पूर्व परिपत्र के अनुसार, 1 अगस्त 2026 से डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिला यात्रियों को ही उपलब्ध कराई जानी थी। हालांकि, पात्र महिला यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तथा उन्हें यह कार्ड प्राप्त करने के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से, सरकार ने वर्तमान व्यवस्था को 15 अगस्त 2026 तक जारी रखने का निर्णय लिया है। 16 अगस्त 2026 से केवल वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिला यात्री ही डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा का लाभ उठा सकेंगी।
तय समय से पहले बनाना होगा पिंक कार्ड
परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों, डिपो मैनेजरों, क्षेत्रीय प्रबंधकों और बस कंडक्टरों को निर्देश दिए हैं कि वे जन-जागरूकता अभियान को और अधिक तेज करें और महिला यात्रियों को तय समय-सीमा से पहले उनके ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ बनवाने में हर संभव मदद करें। साथ ही ये भी निर्देश दिए हैं कि डिपो और बस के अंदर अनाउंसमेंट, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के जरिए जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं, ताकि हर पात्र महिला यात्री को बदली हुई समय-सीमा के बारे में सटीक जानकारी मिल सके। अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि 15 अगस्त 2026 तक मौजूदा व्यवस्था के तहत किसी भी पात्र महिला यात्री को मुफ़्त यात्रा सुविधा का लाभ लेने से रोका न जाए। 31 जुलाई 2026 तक कुल 17 लाख 4 हजार 42 पिंक कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो इस पहल के प्रति महिला यात्रियों की ज़बरदस्त भागीदारी को दर्शाता है।



Download Android App
Download iOS App




