नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक ने शनिवार को जय सिंह मार्ग स्थित नए पुलिस हेड क्वार्टर में वरिष्ठ अधिकारी व एसएचओ के साथ विशेष बैठक का आयोजन किया। जिसमें आगामी गणतंत्र दिवस समारोह और विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजधानी में लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने पर मंथन हुआ।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को सजगता बरतने के साथ-साथ नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में डीसीपी इलेक्शन सेल, डीसीपी स्पेशल सेल (सीआई) ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों और आतंकवाद-रोधी कार्यक्रमों के संबंध की प्रस्तुति दीं। इस दौरान स्पेशल सीपी यातायात, स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर व स्पेशल सीपी क्राइम और ईओडब्ल्यू, इंटेलिजेंस भी मौजूद रहे।
बैठक की शुरुआत में पटनायक ने अधिकारी व कर्मियों की बेहतर प्रदर्शनी के लिए पीठ भी थपथपाई। उन्होंने कहा कि राजधानी में गत चार हफ्तों के दौरान अच्छी तरह लॉ एंड को संभाला। अत्यधिक ठंड के बावजदू उन्होंने लंबी ड्यूटी की। अब आने वाले दिनों में दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह और विधान सभा चुनाव 2020 होना है। इसके मद्देनजर पुलिस को खासी सजगता बरतनी होगी। जैसे संवेदनशील इलाकों में हथियार के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।
बैठक और जुलूस के दौरान भी हथियार से लैस कर्मी की तैनाती की जाए। चुनाव से संबंधित शिकायतों और कॉल का निस्तारण करने के अलावा पुलिस अधिकारी व्यवस्था बरकरार रखने के लिए रैली व बैठक के आयोजकों के साथ संवाद करें। इस दौरान आपाराधिक लोगों पर कड़ी निगरानी रखने के अलावा सीमा क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की आवाजाही, शराब और अवैध हथियारों की तस्करी को रोकने पर भी जोर दिया जाए। अमन कमेटी के सदस्य और पुलिस मित्रों को भी सक्रीय रखा जाए।
आतंकवाद निरोधी उपायों का भी रखें ध्यान
पटनायक ने आतंकवाद निरोधी उपायों के तहत किरायेदारों का सत्यापन, होटल, गेस्ट हाउस की नियमित जांच के अलावा बाजार इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता किए जाने की बात कही। इस दौरान आइ व इयर योजना और प्रहरी योजना के तहत लोगों के साथ नियमित बैठकें भी होनी चाहिए। बाजारों, मॉल और धार्मिक स्थानों पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था बहाल की जाए। रिजर्व स्टाफ को भी तैयार रखा जाए।


Download Android App
Download iOS App



