दिल्ली में अगले साल होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन के मद्देनजर कई स्थानों पर सड़कों और पार्क का सौंदर्यीकरण किया जाएगा तथा लोक कलाकृतियां लगाई जाएंगी। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम ने संबंधित क्षेत्रों की पहचान की है और इस काम के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘सड़क के बुनियादी ढांचे और फुटपाथ में सुधार, संकेतकों का नवीनीकरण, फ्लाईओवर के नीचे के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण, अच्छी एलईडी लाइट, पेड़ों पर रोशनी, नालियों को ढंकने और टूटे स्लैब को बदलने का काम होगा।’’
उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण स्थानों पर लोक कलाकृतियां स्थापित की जाएंगी, आधुनिक कियोस्क लगाए जाएंगे, जलभराव को रोकने के लिए भी स्थायी व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी ने सितंबर 2023 में जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए दिल्ली में पार्क, सड़कों, पैदल मार्गों और अन्य जगहों को संवारने के कार्य को तेज कर दिया है।
अधिकारी ने कहा कि निगम के अधिकार क्षेत्र की सड़कों को फूलों की क्यारियों और गमलों से सजाया जाएगा। भारत ने एक दिसंबर को जी-20 की वार्षिक अध्यक्षता संभाली थी। देश भर में 55 स्थानों पर 200 से अधिक बैठकें आयोजित की जाएंगी।


Download Android App
Download iOS App



