दिल्ली विधानसभा में भूतपूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी संबंधी एक हालिया विवादास्पद प्रस्ताव पर जमकर हंगामा हुआ जिसके बाद विपक्ष के तीन विधायकों को दिनभर के लिए निलंबित कर दिया गया और सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी। बीजेपी विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा को सदन के बीचों बीच आने पर मार्शलों ने बाहर निकाल दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ हाथापाई की गई और सदन के स्थगन के दौरान उनकी पगड़ी को कथित रूप से बलपूर्वक हटाया गया। उल्लेखनीय है कि सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक ने राजीव गांधी को प्रदान किया गया सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘‘भारत रत्न’’ वापस लेने की मांग वाला एक प्रस्ताव पेश किया था।
सिरसा ने सदन की कार्यवाही शुरू होते ही इस ‘‘हालिया प्रस्ताव में’’ कथित ‘‘बदलाव’’ को लेकर ‘‘अध्यक्ष राम निवास गोयल को हटाने’’ के लिए नोटिस पेश किया था। गोयल ने कहा कि वे इसे स्वीकार नहीं कर सकते क्योंकि इस प्रकार का नोटिस 14 दिन पहले दिया जाना चाहिए। जब अध्यक्ष ने विपक्ष का अनुरोध ठुकरा दिया तो सिरसा सदन के बीचों बीच आ गए जिसके कारण गोयल को उन्हें सदन से बाहर निकालने का आदेश देना पड़ा।
अध्यक्ष ने नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, सिरसा और बीजेपी विधायक जगदीश प्रधान को सदन की कार्यवाही से दिन भर के लिए निलंबित कर दिया। इसके बाद अध्यक्ष ने सदन को 15 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। गुप्ता और सिरसा ने सदन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत के दौरान आरोप लगाया कि ‘‘प्रस्ताव की विषयवस्तु को बदला’’ गया क्योंकि सत्तारूढ़ दल आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के साथ गठबंधन करना चाहता है।
बीजेपी विधायकों ने पिछली बैठक में सदन द्वारा अनुमोदित प्रस्ताव से राजीव गांधी से भारत रत्न वापस लेने के लिए केंद्र से मांग करने वाली बात को हटाने का कड़ा विरोध किया।


Download Android App
Download iOS App



