राज्यसभा में संजय सिंह बोले- स्वाति मालीवाल से बात करें केंद्र सरकार

Summary :

संजय सिंह ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के अनशन का मामला गुरूवार को राज्यसभा में उठाया और कहा कि सरकार को उनसे बात करनी चाहिए।

आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के अनशन का मामला गुरूवार को राज्यसभा में उठाया और कहा कि सरकार को उनसे बात करनी चाहिए। सिंह ने सदन में शून्यकाल के दौरान यह मामला उठाते हुए कहा कि श्रीमती मालीवाल महिलाओं की सुरक्षा को लेकर तीन दिसंबर से अनशन पर है और उनकी हालत खराब होती जा रही है। वह निर्भया कांड के दोषियों को फांसी की सजा देने, दुष्कर्म पीड़ति महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए त्वरित अदालतें गठित करने और संबंधित मामलों को छह महीनों के भीतर सुलझाने की मांग कर रही हैं। 
उन्होंने कहा कि सरकार के प्रतिनिधियों को श्रीमती मालीवाल से मिलना चाहिए और अनशन समाप्त करने के प्रयास किये जाने चाहिए। बहुजन समाज पार्टी के सतीश चंद, मिश्रा ने दिल्ली के मंडी हाऊस में दृष्टिहीन लोगों के धरना प्रदर्शन का मामला उठाया और कहा कि सरकार विशेषकर श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और रेल मंत्रालय को उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए। 
उन्होंने कहा कि इन लोगों का चयन रेलवे में विभिन्न पदों पर हो चुका है लेकिन उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है। इस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत ने कहा कि धरने के दौरान उनके मंत्रालय एवं रेल मंत्रालय के अधिकारी इन लोगों से मिलने गये थे लेकिन समाधान नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इस संबंध में रेल मंत्री पीयूष गोयल से बात की जाएगी। 
भारतीय जनता पार्टी के सत्यनारायण जटिया ने प्राकृतिक आपदाओं और दुर्घटनाओं के समय सामाजिक संगठनों का सहयोग लेने पर बल दिया। उन्होंने शून्यकाल के दौरान दिल्ली के अनाज मंडी इलाके में आग लगने का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सामाजिक संगठनों की मदद लेनी चाहिए।

Desk Team