Operation Punjab : आम आदमी पार्टी (आप) के पंजाब सह प्रभारी और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को राउज एवेन्यू कोर्ट से जमानत मिलने के बाद ‘आप’ ने भाजपा पर हमला बोला है। आप के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सत्येंद्र जैन को जमानत मिलना सत्य की जीत है और भाजपा का ‘ऑपरेशन पंजाब’ फेल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर सीधे तिहाड़ जेल भेजा गया था।
सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े कथित टेंडर घोटाले को भी फर्जी करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह तथाकथित आबकारी मामले को लेकर आरोप लगाए गए थे, उसी तरह दिल्ली जल बोर्ड का मामला भी पूरी तरह फर्जी है। उनके अनुसार, संबंधित मामले की जांच पहले से ही ईडी कर रही थी और जांच पूरी होने के बाद चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। इसके बावजूद एसीबी ने सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें पुलिस रिमांड में लेने के बजाय सीधे तिहाड़ भेज दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्येंद्र जैन पंजाब में संगठन के लिए काम कर रहे थे और उनकी गिरफ्तारी का उद्देश्य उन्हें चुनावी गतिविधियों से दूर करना था। भारद्वाज ने जमानत देने के लिए अदालत का आभार जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार की कथित ‘गुंडागर्दी’ ज्यादा दिन नहीं चलेगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के दिन लद गए हैं और जनता जल्द ही उसे सत्ता से विदाई देगी।
केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर कहा क्यों किया गया गिरफ्तार…
उधर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि आज सत्येंद्र जैन को बेल मिल गई। उनको गिरफ्तार क्यों किया गया। किसी को समझ नहीं आ रहा। किसी भी मामले में किसी को गिरफ्तार उनसे पूछताछ के लिए किया जाता है। इसके लिए पुलिस कस्टडी ली जाती है। पुलिस कस्टडी पूरी होने के बाद व्यक्ति न्यायिक हिरासत में जाता है।
सत्येंद्र जैन को इस मामले में पुलिस कस्टडी में नहीं भेजा गया। उनसे कोई पूछताछ नहीं की गई। सीधे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उनके ख़िलाफ केस इतना कमज़ोर था कि मात्र दस दिन में उन्हें बेल मिल गई। पीएम जी, इस से आपको क्या हासिल हुआ? चौबीस घंटे आप बस लोगों को जेल भेजने के बारे में सोचते रहते हो। देश चलाने में तो कोई इंटरेस्ट ही नहीं आपको।


Download Android App
Download iOS App




