कथित तौर पर आरोप बिहारी होने की बात पर झगड़े में हेड कांस्टेबल ने मारी थी गोली, आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस

Summary :

Service Pistol Misuse Delhi: द्वारका डिस्ट्रिक्ट के जाफरपुर कलां इलाके में मामूली विवाद में एक डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी हेड कांस्टेबल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज के तौर पर की है। वह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जाफरपुर कलां थाना और स्पेशल स्टाफ की ज्वाइंट टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। डीसीपी (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।…

Service Pistol Misuse Delhi: द्वारका डिस्ट्रिक्ट के जाफरपुर कलां इलाके में मामूली विवाद में एक डिलीवरी बॉय की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी हेड कांस्टेबल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान नीरज के तौर पर की है। वह दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल में तैनात है। पुलिस सूत्रों की मानें तो जाफरपुर कलां थाना और स्पेशल स्टाफ की ज्वाइंट टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नीरज को हरियाणा के रोहतक से गिरफ्तार किया है। डीसीपी (द्वारका) कुशल पाल सिंह ने आरोपी हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है। सूत्रों की मानें तो आरोपी ने शराब के नशे में आपा खोते हुए वारदात को अंजाम दिया। कथित तौर पर आरोप है कि बिहारी होने की बात को लेकर हुई कहासुनी में नीरज ने पांडव कुमार के सीने में गोली मारी, जो उसके सीने से पार होते हुए पीछे बैठे उसके दोस्त कृष्णा के पेट में जा लगी।

वारदात में पांडव की मौत हो गई, जबकि कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है। सूत्रों की मानें तो आरोपी ने सरकारी पिस्टल से वारदात को अंजाम दिया। शुरुआती पुलिस पूछताछ में आरोपी का कहना है कि उससे गलती से यह सब हो गया। फिलहाल पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद जाफरपुर इलाके में रही छिपा रहा। बाद में रोहतक चला गया। पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी को रविवार देर रात दबोच लिया।

घर के पीछे हो रही थी पार्टी

पुलिस सूत्रों की मानें तो आरोपी नीरज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि बर्थडे पार्टी उसके घर के पीछे ही हो रही थी। पार्टी से लौट रहे लोग काफी शोर कर रहे थे, जिससे वह काफी परेशान था। जब छह-सात लोग बाहर सड़क पर आकर खड़े हो गए और बात करने लगे तो वह उनके पास गया। जब वह उन्हें समझाने लगा तो वे उसके साथ बहस करने लगे। तीखी नोकझोंक के दौरान आरोपी नीरज ने पिस्टल निकाली और बाइक पर बैठे पांडव कुमार को नजदीक से उसके सीने पर गोली मार दी। गोली पांडव के सीने को चीरते हुए पीछे बैठे उसके दोस्त कृष्णा के पेट में जा घुसी।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

पुलिस ने रविवार की शाम ही पांडव कुमार (21) का शव पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। जवान बेटे की मौत के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मी को सख्त से सख्त सजा देने की मांग की है। परिजनों ने रविवार को ही पांडव के शव का अंतिम संस्कार किया। पुलिस के मुताबिक पांडव कुमार अपने परिवार के साथ बिंदापुर इलाके में रहता था और वह मूलत रूप से बिहार के खगड़िया जिले का रहने वाला था।

Also Read: दिल्ली में हीटवेव से निपटने की तैयारी तेज, एलजी तरनजीत सिंह संधू ने दिए सख्त निर्देश

Kajal Yadav

काजल यादव पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। वास्तु, ट्रैवल , वायरल, हेल्थ और लाइफस्टाइल के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद करती हैं। रामा विश्वविद्यालय (कानपुर) से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद दीनार टाइम्स (कानपुर) से पत्रकारिता की शुरुआत करते हुए बत्तौर 'सोशल मीडिया' संभालने से लेकर 'वॉइस ओवर' के रूप में काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। कानपुर में जन्म लेने वाली काजल की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है।