SIR News : दिल्ली में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया के बीच मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन सामने आए हैं। 31 अगस्त से 20 सितंबर के बीच राजधानी में फॉर्म-6 के कुल 92,284 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, इस अवधि में 33,353 लोगों ने मौजूदा मतदाता सूची में संशोधन के लिए फॉर्म-8 दाखिल किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी सोमवार को डाटा के अनुसार इस अवधि में फॉर्म-7 के 1,484 आवेदन भी प्राप्त हुए हैं।
फॉर्म-6 के आवेदन के मामले में पश्चिमी जिला सबसे आगे रहा। यहां 31 अगस्त से 20 सितंबर के बीच 11,692 आवेदन मिले। इसके बाद उत्तर-पश्चिम जिले में 9,582, पूर्वी जिले में 9,215, दक्षिण-पूर्वी जिले में 9,007 और दक्षिण जिले में 7,561 आवेदन प्राप्त हुए। नई दिल्ली जिले में इस अवधि में सबसे कम 1,749 फॉर्म-6 आवेदन आए।
फॉर्म-8 के जरिए संशोधन के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। उत्तर-पूर्वी जिले में 4,089, पूर्वी जिले में 3,791, पश्चिमी जिले में 3,411 और उत्तर-पश्चिमी जिले में 3,138 आवेदन दर्ज किए गए। वहीं दक्षिण-पूर्वी जिले में 3,053 और दक्षिण जिले में 2,984 फॉर्म-8 आवेदन प्राप्त हुए। आंकड़ों के अनुसार, 30 अगस्त तक प्राप्त आवेदनों को जोड़ने पर अब तक फॉर्म-6 के कुल 3,04,684 आवेदन हो चुके हैं। फॉर्म-7 के कुल आवेदन 52,955 और फॉर्म-8 के 2,94,121 आवेदन पहुंच गए हैं। इसके अलावा फॉर्म-6ए के कुल 1,531 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
सीईओ कार्यालय के मुताबिक, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर है। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 29 अक्टूबर तक किया जाना है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर को प्रकाशित होगी। कार्यालय ने मतदाताओं से ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील की है।
नाम नहीं मिलने पर निर्धारित घोषणा और दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। पता बदलने या मौजूदा प्रविष्टियों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का इस्तेमाल किया जा सकता है। एसआईआर प्रक्रिया के तहत 27 सितंबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। इन शिविरों में मतदाता संबंधित चुनावी सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App




