दिल्ली के कनॉट प्लेस में लगा देश का पहला स्मॉग टॉवर, CM अरविंद केजरीवाल ने किया उद्घाटन

Summary :

प्रदूषण से लड़ने और दिल्ली की हवा साफ करने के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस में स्मॉग टावर लगाया गया है।

प्रदूषण से लड़ने और दिल्ली की हवा साफ करने के लिए अरविंद केजरीवाल सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। राष्ट्रीय राजधानी के कनॉट प्लेस में स्मॉग टावर लगाया गया है। हवा को शुद्ध करने के लिए स्मॉग टावर लगाने वाला दिल्ली देश का पहला राज्य बना है। सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस टावर का उद्घाटन किया।


इस दौरान उनके साथ दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय मौजूद थे। अरविंद केजरीवाल ने कहा, ‘प्रदूषण से लड़ने और दिल्ली की हवा साफ करने के लिए दिल्ली में देश का पहला स्मॉग टॉवर लगाया गया है। इस तकनीक को हमने अमेरिका से आयात किया है। ये टॉवर 24 मीटर ऊंचा है और ये 1 किलोमीटर दायरे की हवा को साफ करेगा’।


वहीं पर्यावरण मंत्री ने कहा कि बीस मीटर से भी ऊंचा टावर अपने आसपास के एक किलोमीटर की परिधि में हवा की गुणवत्ता सुधारने का काम करेगा और मानसून के बाद पूरी क्षमता के साथ काम करना शुरू करेगा। इससे पहले राय ने कहा था कि कोविड महामारी के कारण स्मॉग टावर के निर्माण में देरी हुई। दिल्ली मंत्रिपरिषद ने पिछले साल अक्टूबर में पायलट परियोजना की मंजूरी दी थी। स्मॉग टॉवर प्रति सेकंड एक हजार घन मीटर हवा को शुद्ध करेगा।

एक अधिकारी ने बताया कि स्मॉग टावर का संचालन शुरू होने के बाद दो साल तक इसके प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अधिकारियों ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा निर्मित 25 मीटर ऊंचा एक अन्य टावर आनंद विहार में 31 अगस्त तक काम करना शुरू कर देगा।

Desk Team