मिजोरम विधानसभा के अध्यक्ष हिफेई ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने अपना इस्तीफा विधानसभा उपाध्यक्ष आर लालरीनावामा को सौंपा। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बी डी चकमा के अलावा अन्य लोग भी थे।
इस्तीफा देने के बाद हिफेई ने कहा कि उन्होंने अपने पद, सदन और कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि लालरीनवमा ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। हिफेई ने कहा कि सोमवार को वह भारतीय जनता पार्टी में शामिल होंगे।
यह घटनाक्रम कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है क्योंकि कांग्रेस ने 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावो में उन्हें अपना उम्मीदवार घोषित किया था। भाजपा नेता एच लालरूआता ने बताया कि उनका भाजपा के साथ जाना कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए एक बड़ा झटका होगा क्योंकि उनकी पूर्वोत्तर में ईसाई जनजातीय नेता के तौर पर काफी ख्याति है।
बता दें कि हिफेई पिछले हफ्ते गुवाहाटी गए थे और असम के वित्त मंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा से मुलाकात के बाद नई दिल्ली गए थे और वहां वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात के बाद यहां लौटे थे। जानकारी के लिए बता दें कि पूर्वोत्तर में मिजोरम एकमात्र कांग्रेस शासित राज्य है। यहां 28 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं।


Download Android App
Download iOS App



