मर्डर केस : क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए सुशील कुमार को ले जाया गया छत्रसाल स्टेडियम, हुई पूछताछ

Summary :

एक पहलवान की मौत के मामले में आरोपी ओलंपिक पुरस्कार विजेता कुश्ती खिलाड़ी सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारी अपराध दृश्य की पुनर्रचना करने की खातिर मंगलवार को छत्रसाल स्टेडियम लेकर गए।

एक पहलवान की मौत के मामले में आरोपी ओलंपिक पुरस्कार विजेता कुश्ती खिलाड़ी सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारी अपराध दृश्य की पुनर्रचना करने की खातिर मंगलवार को छत्रसाल स्टेडियम लेकर गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि सुशील कुमार तथा उनके सहयोगी अजय को दिल्ली के मुंडका से रविवार को गिरफ्तार किया गया था।
यह मामला संपत्ति को लेकर हुए कथित विवाद से जुड़ा है जिसमें 23 वर्षीय पहलवान की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस दल सुबह के वक्त अपराध स्थल पर गया था और दोपहर तक वहां से लौट आया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘मामले की जांच कर रही पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों का दल जांच के सिलसिले में छत्रसाल स्टेडियम गया था। घटना वाले दिन अपराध किन परिस्थितियों में हुआ यह जानने के लिए तथा अपराध दृश्य की पुनर्रचना करने के लिए सुशील कुमार को भी घटनास्थल पर ले जाया गया।’’
कुमार से सोमवार को भी करीब चार घंटे तक पूछताछ चली थी। अधिकारियों ने बताया कि वे इस मामले की जांच अलग कोण से कर रहे हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहले बताया था कि कुमार से घटनाक्रम का पता लगाने के लिए सवाल किए गए, किन हालात में अपराध हुआ यह जानने का प्रयास किया गया और घटना के बाद वह कहां-कहां गए, यह पूछा गया।
अधिकारी ने बताया था, ‘‘सुशील कुमार से उसके सहयोगियों और मित्रों के बारे में सवाल किए गए जिन्होंने घटना के बाद छिपने में उसकी मदद की।’’ उल्लेखनीय है कि चार और पांच मई की दरमियानी रात को छत्रसाल स्टेडियम में कुमार और उनके सहयोगियों के कथित हमले में 23 वर्षीय पहलवान की मौत हो गई और उसके दो दोस्त घायल हो गए थे। घटना के पीछे वजह मॉडल टाउन इलाके में स्थित एक संपत्ति को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है।

Desk Team