Swachhata Hi Seva 2026 : देशभर में स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान की शुरुआत आज से होगी। बुधवार को नई दिल्ली स्थित नेशनल मीडिया सेंटर में अभियान का कर्टन रेजर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान का विषय ‘स्वच्छता में सहभाग; स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखा गया है। अभियान में विद्यार्थियों और युवाओं की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल और केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के राज्य मंत्री तोखन साहू ने कार्यक्रम में देशभर के नागरिकों से अभियान में भाग लेने की अपील की। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से राज्यों से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने 17 सितंबर को नागरिकों से अपने घरों की सफाई से अभियान शुरू करने तथा 1 अक्टूबर को मंत्रियों, विधायकों, महापौरों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों की भागीदारी के साथ श्रमदान आयोजित करने की अपील की।
अभियान के तहत पांच प्रमुख क्षेत्रों पर काम किया जाएगा। इनमें गंदे और कठिन स्थानों को चिह्नित कर उनका समयबद्ध कायाकल्प, ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा फॉर स्वच्छता’, सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने वाले शिविर, जनभागीदारी और ‘वेस्ट टू वेल्थ’ जैसी पहल शामिल हैं।
1 अक्टूबर को सुबह 8 से 9 बजे तक ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत देशभर में एक साथ श्रमदान होगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाएं और शहरी क्षेत्रों में विशेष परिषद बैठकें आयोजित की जाएंगी। इस दौरान पौधारोपण, स्वच्छता शपथ और ठोस कचरा प्रबंधन नियमों को लेकर जागरूकता गतिविधियां भी होंगी।


Download Android App
Download iOS App




