BJP on Swati Maliwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर पर मारपीट की शिकार हुई आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल का साथ देने के लिए दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा आगे आई है। मोर्चा की नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को स्वाति मालीवाल से मुलाकात करने के लिए उनके घर पहुंचा।
Highlights:
- भाजपा महिला मोर्चा ने स्वाति मालीवाल को साथ देने का दिया भरोसा
- BJP नेता ने स्वाति मालीवाल को लिखा पत्र
- भाजपा महिला मोर्चा के तरफ से स्वाति मालीवाल को पूर्ण समर्थन
BJP नेता ने Swati Maliwal को लिखा पत्र
BJP की महिला नेताओं के घर पहुंचने पर स्वाति मालीवाल के घर के एक सहायक ने बाहर आकर उनसे बातचीत की। स्वाति मालीवाल के सहायक ने ही भाजपा महिला मोर्चा की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ऋचा पांडेय मिश्रा द्वारा स्वाति मालीवाल को लिखा गया पत्र स्वीकार किया। BJP नेता ने अपना पत्र स्वाति मालीवाल के मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप भी कर दिया।
भाजपा महिला मोर्चा के तरफ से Swati Maliwal को पूर्ण समर्थन
समर्थन पत्र सौंपने के बाद ऋचा पांडेय मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वे यहां राजनीतिक उद्देश्य से नहीं आए हैं, बल्कि, महिला अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाली प्रखर महिला नेता जो खुद अभद्रता और हिंसा की शिकार हुई हैं, को समर्थन देने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने कहा कि वह समझ सकती हैं कि अभद्रता की घटना के बाद वह शारीरिक एवं मानसिक वेदना से गुजर रही होंगी और दिल्ली प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा उन्हें हिंसा की शिकार एक महिला होने के नाते अपना पूर्ण समर्थन देती हैं। वे यह उम्मीद करती हैं कि स्वाति मालीवाल उस घटना का पूरा विवरण दिल्ली पुलिस को देकर दोषी को सजा दिलवाएंगी।
BJP ने Swati Maliwal को पत्र के जरिये जताया दुःख
स्वाति मालीवाल को लिखे पत्र में BJP की महिला नेता ने कहा, हाल ही में आपके साथ दिल्ली के मुख्यमंत्री निवास पर हुई निंदनीय घटना के बारे में जानकर भाजपा महिला मोर्चा अत्यंत चिंतित और व्यथित है। हमारी राजनीतिक विचारधारा भले ही अलग है, लेकिन एक महिला के रूप में हम सब आपके साथ हैं। आप महिला अधिकारों के लिए हमेशा से सजग रही हैं। जब मुख्यमंत्री आवास जैसी सुरक्षित स्थान पर आपके साथ दुर्व्यवहार हो सकता है तो दिल्ली की एक सामान्य महिला की सुरक्षा की स्थिति क्या होगी यह सोच कर ही डर लगता है। एक महिला सांसद के साथ इस प्रकार का अभद्र व्यवहार न केवल आपके प्रति अन्याय है, बल्कि यह पूरे देश की महिलाओं का अपमान है।
यह पूरे देश की महिलाओं के सम्मान का मामला है- ऋचा पांडेय मिश्रा
ऋचा पांडेय मिश्रा ने पत्र में आगे कहा, इस असंवेदनशील और शर्मनाक कृत्य ने हमें झकझोर कर रख दिया है। भाजपा महिला मोर्चा आपके साथ खड़ी है और इस कठिन समय में आपके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर चिंतित है। हमें विश्वास है कि आप इस घटना के विरुद्ध अपने आत्मबल को मजबूत रखेंगी और पूरे देश की महिलाओं की आवाज बनेंगी। यह सिर्फ एक व्यक्तिगत मामला नहीं है, बल्कि पूरे देश की महिलाओं के सम्मान का मामला है। हम आपसे विनम्र निवेदन करते हैं कि आप इस घटना की पूरी सूचना पुलिस को अवश्य दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके।


Download Android App
Download iOS App




