NCR में बढ़ेगा तापमान, अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना

Summary :

गर्मी और उमस से होगी परेशानी, 16 मई को राहत की उम्मीद

13 मई से एनसीआर में तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि गर्मी और उमस के कारण लोगों को परेशानी हो सकती है। 16 मई को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट की उम्मीद है।

11 मई तक हल्की राहत के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के लोगों को गर्मी का प्रकोप झेलना पड़ेगा। मौसम विभाग द्वारा जारी 7-दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 मई से तापमान में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है। अनुमान लगाया गया है कि 13 मई को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जो सामान्य से काफी अधिक है। 13 मई से 19 मई के बीच का मौसम मिलाजुला रहेगा, लेकिन गर्म हवाओं और उमस की वजह से लोगों को खासा परेशान होना पड़ सकता है। 13, 14 और 15 मई को आसमान में बादल रहेंगे और सूरज की लुका-छुपी जारी रहेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक बने रहने की संभावना है।

भारत-पाक तनाव के चलते IndiGo ने 13 मई तक कई उड़ानें रद्द की

16 मई को मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दिन तेज सतही हवाएं और बिजली चमकने के साथ-साथ गरज के साथ बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। हालांकि, इससे तापमान में कुछ गिरावट की उम्मीद की जा सकती है, लेकिन उमस में इजाफा होने की पूरी संभावना है। 17 से 19 मई तक आसमान मुख्यतः साफ या आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा और आर्द्रता 30 से 55 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।

इसका मतलब है कि भीषण गर्मी के साथ-साथ उमस भी परेशान करती रहेगी। मौसम विशेषज्ञों ने इस दौरान आम जनता को धूप में सीधे निकलने से बचने, हल्के और सूती कपड़े पहनने तथा खूब पानी पीने की सलाह दी है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्ग और बीमार व्यक्तियों को इस दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.