दिल्ली में तीस हजारी कोर्ट परिसर में पहला ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ 31 मई को उद्घाटन के साथ शुरू होगा। यह केंद्र मोहल्ला क्लीनिक का उन्नत रूप है, जिसमें 14 प्रकार के इनहाउस और 79 आउटसोर्स टेस्ट की सुविधा होगी। यहां वैक्सीनेशन, योग कक्षाएं और परिवार नियोजन सेवाएं भी मिलेंगी।
तीस हजारी कोर्ट परिसर से दिल्ली का पहला ‘शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ काम करना शुरू करेगा। पहले इसी स्थान पर मोहल्ला क्लीनिक संचालित होता था, लेकिन अब इसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के साथ नए स्वरूप में प्रस्तुत किया गया है। इस सुविधा का औपचारिक उद्घाटन 31 मई को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा किया जाएगा। यह उद्घाटन दिल्ली सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में होगा, जो जेएलएन स्टेडियम में संपन्न होगा। इसी अवसर पर लगभग 33 नई स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत भी की जाएगी।
‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ में कई तरह की सुविधाएं हैं, जो इसे खास बनाती हैं। यहां इनहाउस टेस्ट की सुविधा है, जिससे कुल 14 प्रकार के टेस्ट अब क्लिनिक में ही किए जा सकेंगे। यहां आउटसोर्स टेस्ट की व्यवस्था है, जिससे 79 प्रकार के अतिरिक्त टेस्ट की सुविधा मिलेगी। वहीं, अब राष्ट्रीय स्तर के टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके साथ ही हर सोमवार और शुक्रवार योग कक्षाएं आयोजित होंगी। परिवार नियोजन से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी और गर्भधारण से पहले और बाद की सभी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी।
बताया गया है कि यह केंद्र रोजाना सुबह 9:30 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुला रहेगा। यहां पर एक मेडिकल ऑफिसर, एक नर्स, मल्टीपर्पज वर्कर और एक सफाईकर्मी की तैनाती की गई है। पहले मोहल्ला क्लीनिक में केवल डॉक्टर से परामर्श की सुविधा थी और अधिकतर जांचें बाहर करानी पड़ती थीं। इसके साथ ही वैक्सीनेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। अब शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिर में यह सारी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। दिल्ली सरकार का यह नया कदम न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाएगा, बल्कि आम नागरिकों की पहुंच को भी स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान बनाएगा।


Download Android App
Download iOS App



