Delhi Crime News : लुटियंस जोन में केजी मार्ग स्थित एक निर्माणाधीन हॉस्टल में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक की पहचान धर्मपाल (50) के तौर पर की है। पुलिस का कहना है कि हॉस्टल में काम के दौरान अचानक इलेक्ट्रिक से स्लाइड होने वाला गेट अचानक से गिर गया था। हादसे के वक्त गेट के पास मौजूद धर्मपाल भारी भरकम गेट के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी (न्यू दिल्ली) सचिन शर्मा ने बताया कि इस बाबत संसद मार्ग थाने में लापरवाही से मौत की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा अन्य मजदूरों से भी पूछताछ व उनके बयान दर्ज किए गए हैं। धर्मपाल उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के गणेशपुर गांव के रहने वाला था। दिल्ली में कोटला मुबारकपुर इलाके में किराए पर रहता था। परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटी व एक बेटा है।
पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त की शाम करीब 5:08 बजे संसद मार्ग थाने में हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल धरमपाल को गंभीर हालत में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया था। वह अस्पताल में बेहोशी की हालत में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में सहकर्मी बृजेश तिवारी (54) ने पुलिस को बताया कि वह और धर्मपाल सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक ड्यूटी पर मौजूद थे। दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच दो इलेक्ट्रीशियन पहले से लगे स्लाइडिंग गेट पर बिजली का कनेक्शन करने का काम कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक गेट धर्मपाल के ऊपर आ गिर। वह भारी भरकम गेट के नीचे दबकर घायल हो गया। किसी तरह गेट उठाकर धरमपाल को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया। उधर, पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए क्राइम और एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारण और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।



Download Android App
Download iOS App




