किसान आंदोलन: किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन का बृहस्पतिवार को तीसरा दिन है और दिल्ली व हरियाणा के बीच दो प्रमुख सीमाओं पर वाहनों की आवाजाही बंद है, जबकि राष्ट्रीय राजधानी में महत्वपूर्ण स्थानों पर दंगा रोधी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। हरियाणा से लगी दो सीमाएं – टिकरी और सिंघू – बंद हैं जबकि उत्तर प्रदेश से लगी गाजीपुर सीमा पर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में आवाजाही की अनुमति दी गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। हरियाणा पुलिस ने प्रदर्शनकारी किसानों को अंबाला के पास पंजाब और हरियाणा के बीच शंभू बॉर्डर पर रोक दिया है।
- दिल्ली व हरियाणा के बीच दो प्रमुख सीमाओं पर वाहनों की आवाजाही बंद है,
- दिल्ली में महत्वपूर्ण स्थानों पर दंगा रोधी सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं
- हरियाणा से लगी दो सीमाएं – टिकरी और सिंघू – बंद हैं
- गाजीपुर सीमा पर सुरक्षा कर्मियों की निगरानी में आवाजाही की अनुमति दी गई है
आज चंडीगढ़ में तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक
मध्य दिल्ली में भी पुलिस ने संसद और अन्य संवेदनशील स्थानों की ओर जाने वाली कई सड़कों पर अवरोधक लगा दिए हैं। किसान नेताओं ने कहा है कि बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ में तीन केंद्रीय मंत्रियों के साथ बैठक होगी, जिसके बाद प्रदर्शनकारी आगे की रणनीति तय करेंगे। टिकरी और सिंघू सीमाओं पर, दिल्ली पुलिस ने किसानों को राजधानी में प्रवेश करने से रोकने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था की है, जिसके तहत अवरोधक, कंटीले तारों और कंक्रीट ब्लॉक लगाए गए हैं। फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानूनी गारंटी और ऋण माफी समेत अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के लिए किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन का यह तीसरा दिन है।
अधिकारियों ने छात्रों को दी ये सलाह
इस बीच, बृहस्पतिवार से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं के सिलसिले में अधिकारियों ने दिल्ली में छात्रों को अपने परीक्षा केंद्रों के लिए जल्दी रवाना होने की सलाह दी है क्योंकि किसानों के आंदोलन के मद्देनजर प्रतिबंधों के कारण कई क्षेत्रों में, विशेष रूप से शहर के सीमावर्ती क्षेत्रों में यातायात की आवाजाही प्रभावित रहेगी। CBSE ने एक परामर्श में कहा, चूंकि परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू होती है, इसलिए सभी छात्रों को सुबह 10 बजे या उससे पहले अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने की सलाह दी जाती है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





