नई दिल्ली : आगामी रविवार को तालकटोरा स्टेडियम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मैं भी चौकीदार हूं’ कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। सभी से गुरुवार तक सूची मांगी गई थी, लेकिन बड़ा आयोजन होने के चलते संभवतः शुक्रवार तक सूची का कार्य पूरा हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक रविवार की शाम पांच बजे तालकटोरा स्टेडियम में ‘मैं भी चौकीदार हूं’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का पूरा जिम्मा नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र को दिया गया जिसमें नई दिल्ली जिला और करोलबाग जिला शामिल हैं। सभी मंडल, प्रकल्प और मोर्चों को कार्यकर्ताओं को जुटाने के साथ-साथ विभिन्न वर्गों से लोगों को जुटाने का आह्वान किया गया है। इनमें बुद्धिजीवी वर्ग के तौर पर चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक, प्रोफेसर, वकील, डॉक्टर, आरडब्ल्यूए और कारोबारी सहित सभी वर्गों को सम्मिलित करने का प्रयास कर रहे हैं जिससे कार्यक्रम सर्व स्पर्शी बन सके। इसके लिए नई दिल्ली लोकसभा में जिला और मंडल में युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
बताया गया है कि सभी मंडलों से 100-100 लोगों के नामों की सूची मांगी गई है। प्रत्येक विभाग और प्रकल्प से चुनिंदा लोगों को बुलाया गया है। इसके अलावा पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी भी शामिल रहेंगे। तालकटोरा स्टेडियम में चार से पांच हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था है। लोकसभा चुनाव के संदर्भ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का दिल्ली में यह पहला कार्यक्रम होगा। उम्मीद की जा रही है कि इसके बाद सांसद प्रत्याशियों के नामों की घोषणा भी जल्द ही कर दी जाएगी।
रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तालकटोरा स्टेडियम में कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह चांदनी चौक लोकसभा क्षेत्र में रहेंगे। इसके अलावा एक लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल भी उपस्थित रहेंगे। इस प्रकार सातों लोकसभा क्षेत्र में भी अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। वहीं देश में 500 स्थानों पर कार्यक्रम का वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रसारण होगा।
तालकटोरा स्टेडियम से गूंजेगा ‘मैं भी चौकीदार हूं’
ऑनलाइन आवेदन की भरमार, बार कोड भी
जानकारी के मुताबिक मैं भी चौकीदार हूं कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन आवेदन की भरमार हो गई है। हालत यह है कि ऑनलाइन आवेदन करने वालों के लिए बार कोड की व्यवस्था रहेगी। वहीं नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के लोगों को कार्ड के साथ पहचान के लिए एक आईडी भी रखनी होगी।


Download Android App
Download iOS App



