ममता ने बीजेपी पर भगवान राम का नाम इस्तेमाल करने का लगाया आरोप

Summary :

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उन्होंने चुनाव जीतने के लिए कभी धर्म का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं।

लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही देश के राजनीति गलियारों में आरोप-प्रत्यरोप का दौर जारी है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि बीजेपी चुनाव जीतने के लिए धार्मिक कार्ड खेल रही है और भगवान राम के नाम का इस्तेमाल कर रही है, हालांकि वह अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करने में नाकाम रही है।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने यह भी कहा कि उन्होंने चुनाव जीतने के लिए कभी धर्म का इस्तेमाल नहीं किया बल्कि वह सभी धर्मों का सम्मान करती हैं। मारवाड़ी समुदाय की ओर से गुरुवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में ममता ने कहा, ‘‘आप (बीजेपी) चुनाव के लिए धर्म का इस्तेमाल करते हैं। आप (भगवान) राम का नाम लेकर चुनाव लड़ते हैं लेकिन पांच वर्षों में एक राम मंदिर नहीं बना सके।’’

राहुल गांधी सिर्फ एक बच्चे हैं : ममता बनर्जी

ममता ने कहा, ‘‘हम चुनाव जीतने के लिए धर्म का इस्तेमाल नहीं करते। हम राम या रहीम, सिख या ईसाई सभी के साथ हैं।’’ उन्होंने कहा कि अगर आम चुनावों के बाद विपक्षी गठबंधन सत्ता में आएगा तो जीएसटी की समीक्षा और नोटबंदी की जांच की जाएगी।

Desk Team