Indian Trade Festival 2026 : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 में सहभागिता की। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह महोत्सव भारत की आर्थिक शक्ति, व्यापारिक क्षमता, उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मंच है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) व इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) को भारतीय व्यापार महोत्सव 2026 के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं, बल्कि देश के व्यापारियों, उद्यमियों, निर्माताओं, एमएसएमई और स्टार्टअप्स की क्षमता को सामने लाने तथा भारत की आर्थिक प्रगति में उनके योगदान को रेखांकित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।
इस अवसर पर सांसद व कन्फेडरेशन के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल, सीएआईटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वोकल फॉर लोकल, लोकल टू ग्लोबल और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प आज जनआंदोलन का रूप ले चुका है। देश के व्यापारी, उद्यमी, स्टार्टअप, एमएसएमई और निर्माता इस परिवर्तन के प्रमुख वाहक बनकर उभर रहे हैं। भारत में निर्मित उत्पाद अब देश की सीमाओं से आगे वैश्विक बाजारों तक अपनी पहचान बना रहे हैं और भारतीय कारोबारी समुदाय विश्व व्यापार में भारत की नई पहचान स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
दिल्ली देश की व्यापारिक जीवंतता का प्रमुख केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली केवल देश की राजधानी ही नहीं, बल्कि भारत की प्रमुख व्यापारिक राजधानी भी है। चांदनी चौक, सदर बाजार, खारी बावली, नया बाजार, गांधी नगर और करोल बाग जैसे बाजार दिल्ली की समृद्ध व्यापारिक विरासत और आर्थिक जीवंतता के प्रतीक हैं। दिल्ली का व्यापारी वर्ग लंबे समय से देश की अर्थव्यवस्था को गति देने में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार व्यापारियों, एमएसएमई और उद्यमियों के लिए अनुकूल, पारदर्शी और व्यवसाय-हितैषी वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। व्यापार सुगमता, डिजिटलीकरण, बेहतर बुनियादी ढांचे और व्यवसायों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ दिल्ली के बाजारों के आधुनिकीकरण, बेहतर यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर भी निरंतर कार्य किया जा रहा है।
वैश्विक बाजार में बढ़ती भारतीय पहचान
रेखा गुप्ता ने कहा कि आज विश्व भारत को एक विश्वसनीय व्यापारिक, विनिर्माण और निवेश केंद्र के रूप में देख रहा है। भारतीय व्यापार महोत्सव वैश्विक खरीदारों, निवेशकों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों को भारत की उत्पादन क्षमता, उत्पादों, सेवाओं और उद्यमशीलता से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारतीय उत्पादों और सेवाओं को वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने, नए व्यापारिक संबंध स्थापित करने और भारतीय कारोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार देने के अवसर बढ़ते हैं। यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम में सांसद व कन्फेडरेशन के महासचिव प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप इस व्यापार महोत्सव में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जिस तरह से दिल्ली के एमएसएमई, छोटे उद्योगपतियों, व्यापारियों के व्यापक विकास की योजनाओं की आगामी योजनाओं की जो जानकारी दी है, उसके लिए वह व्यापारी वर्ग की ओर से उनका धन्यवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहती हैं कि दिल्ली में सेल्फ हेल्फ ग्रुप् (एसएचजी) को बढ़ावा मिले, इसके लिए उनकी संस्था व अन्य कारोबारी संगठन मिलकर गंभीर प्रयास करेंगे।



Download Android App
Download iOS App




