Delhi Traffic Rule Change : दिल्ली में दमघोंटू प्रदूषण को लेकर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आई है। अब दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन (प्रखर) और स्थानीय थाना पुलिस भी वाहनों का चालान करेंगी। ये लोग ग्रेप-4 के नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काटेंगे। पीसीआर वैन में एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी और स्थानीय थाना पुलिस को दो चालान मशीनें दी गई हैं। दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने सुप्रीम फटकार के बाद 15 जिला कप्तानों एवं सीनियर पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए। लापरवाही करने वाले अधिकारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी थानों में मंगलवार को चालान मशीनें पहुंचा दी गईं। हर थाने से हर शाम को जिला कप्तान अपडेट लेंगे।
चालान करने में लगाई गई 88 प्रखर वैन
पुलिस को दी गई चालान मशीन का लॉगिन आर्ईडी थानाध्यक्ष के नाम से बनेगा। पीसीआर की 88 प्रखर वैन को प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को चालान करने में लगाया गया है। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) अजय चौधरी ने बताया कि प्रखर वैन में ट्रैफिक कर्मी को चालान मशीन के साथ तैनात किया गया है। पीसीआर पुलिस उपायुक्त पंकज सिंह ने जो 88 प्रखर वैन प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को पकड़ेंगी, उनकी चिह्नित जगहों पर तैनाती का काम शुरू कर दिया गया है।
चालान मशीन की दी जा रही ट्रेनिंग
दिल्ली यातायात पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त अजय चौधरी ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मी प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को पकड़ने के लिए हरसंभव कार्रवाई कर रही। यातायात कर्मी पीसीआर एवं स्थानीय थाना पुलिस को मशीन से चालान करने की ट्रेनिंग दे रहे।


Download Android App
Download iOS App



