घायल एसआई ने दबोचे दो बदमाश

Summary :

एक एसआई ने अपनी जान की परवाह किए बगैर दो शातिर बदमाश को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस घटना में एसआई का पैर जख्मी हो गया था।

दक्षिणी दिल्ली : एक एसआई ने अपनी जान की परवाह किए बगैर दो शातिर बदमाश को पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस घटना में एसआई का पैर जख्मी हो गया था। एसके बावजूद उसने बहादुरी दिखाते हुए कार चला रहे बदमाश को काबू कर लिया। मामला द्वारका सेक्टर-23 थाने इलाके का है। जिला पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रमोद उर्फ गुड्डू (30) और प्रवीण उर्फ डॉक्टर (29) के रूप में हुई है।

इनके पास से चोरी के एक क्रेटा, एक स्विफ्ट डिजायर और एक बाइक बरामद हुई है। ये गाड़ियां पालम, गुरुग्राम और बहादुरगढ़ इलाके से चुराई गई थी। जांच में पता चला कि यह गिरोह दिल्ली व हरियाणा में जिम के बाहर खड़ी गाड़ियों को खासतौर पर निशाना बनाता था। पुलिस उपायुक्त अंटो अल्फोंस के अनुसार सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश द्वारका सेक्टर-23 इलाके के बारात घर के पास आने वाले हैं। एसीपी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में द्वारका सेक्टर-23 के एसएचओ एसएस रावत, इंस्पेक्टर आर. श्रीनिवासन, एसआई विवेक मंडोला, एएसआई रंधावा, महेश त्यागी, हेड कांस्टेबल सुभाष और कांस्टेबल संदीप टीम ने ट्रैप लगाया।

इसी दौरान एक स्विफ्ट कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी रुकवाकर चालक को बाहर आने को कहा। बाकी पुलिसकर्मी रास्ता रोककर खड़े थे। दूसरी टीम बदमाशों की गाड़ी के पीछे प्राइवेट गाड़ी लगाकर रास्ता बंद कर चुकी थी। पुलिस टीम से घिरते देख बदमाशों ने गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर भागने की कोशिश की। पुलिसकर्मी अलर्ट हो चुके थे। ओवर स्पीड की वजह से गाड़ी डिवाइडर से टकराते हुई अनियंत्रित हो गई। पुलिस ने गाड़ी के अगले शीशे पर वार कर शीशा तोड़ दिया।

सब इंस्पेक्टर ने चालक सीट पर बैठे युवक को जकड़ लिया। हाथापाई के बाद आखिकार दोनों बदमाश दबोच लिए गए। पुलिस पूछताछ में पता चला कि प्रमोद बुलंदशहर का रहने वाला है जबकि प्रवीण नजफगढ़ के धर्मपुरा का रहने वाला है। प्रमोद पर पहले से एक दर्जन केस दर्ज हैं वहीं दूसरे साथी का रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

Desk Team