दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में दो पहलवानों के गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। दो दलों के बीच हुई इस झड़प में एक पहलवान की मौत व कई अन्य घायल हुए हैं। घायलों को इलाज़ के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चार की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार देर रात छत्रसाल स्टेडियम में पहलवानों के दो गुट आमने-सामने आ गए। दोनों गुटों के सदस्यों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई पहलवान घायल हो गए थे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से एक पहलवान की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतक पहलवान का नाम सागर बताया जा रहा है। वह हरियाणा के सोनीपत के रहने वाला था। दिल्ली पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्टेडियम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद और लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है।

घटना पर ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने कहा कि झगड़े में शामिल लोग हमारे पहलवान नहीं थे, यह घटना देर रात हुई। हमने इस बारे में पुलिस अधिकारियों को सूचित कर दिया है कि कुछ अज्ञात लोग हमारे स्टेडियम परिसर में घुस आए और झगड़ा किया। इस घटना से हमारे स्टेडियम का कोई संबंध नहीं है।


Download Android App
Download iOS App



