दिल्ली में आज से होगी अनलॉक-1 की शुरुआत, बाजार और मेट्रो रहेंगे बंद, जानिए किन क्षेत्रों में मिली छूट

Summary :

कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लगने के बाद दिल्ली में आज से अनलॉक प्रक्रिया की शुरुआत हो रही है। आज से लॉकडाउन की सख्त पाबंदियों में दिल्लीवालों को थोड़ी राहत दी जाएगी।

कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लगने के बाद दिल्ली में आज से अनलॉक प्रक्रिया की शुरुआत हो रही है। आज से लॉकडाउन की सख्त पाबंदियों में दिल्लीवालों को थोड़ी राहत दी जाएगी। अनलॉक में दिल्ली सरकार ने सिर्फ निर्माण गतिविधियों और औद्योगिक इकाइयों को छूट दी है। राजधानी में वही औद्योगिक इकाइयां चलेंगी जो सरकार की ओर से मंजूरी क्षेत्र में चल रही होंगी। छूट के साथ ही सरकार ने कोविड संक्रमण को रोकने के लिए कई दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं, जिसका पालन अनिवार्य होगा। वहीं, बाजार, मॉल, मेट्रो अभी बंद रहेंगे। 7 दिन बाद लॉकडाउन से मिलने वाली राहत पर दोबारा विचार किया जाएगा।
बता दें कि दिल्ली में बीते कोरोना के बढ़ते प्रकोप के चलते 20 अप्रैल को लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। उसके बाद संक्रमण में कमी न आने के कारण 5 बार इसे आगे बढ़ाया गया। आखिरी बार 23 मई को लॉकडाउन बढ़ाया गया था। अब सोमवार यानी आज से दिल्ली सरकार अनलॉक की प्रक्रिया की शुरुआत कर रही है। मगर अभी सिर्फ 2 क्षेत्रों को ही राहत दी गई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक जिन 2 क्षेत्रों को छूट दी गई है अगर वह उसी परिसर में रहकर काम करते हैं तो किसी ई-पास की जरूरत नहीं होगी। अगर उन्हें घर से फैक्ट्री तक जाने के लिए सफर करना है तो उन्हें ई-पास बनवाना होगा। 
ई-पास के लिए फैक्ट्री मालिक, निर्माण कंपनी या खुद कर्मचारी दिल्ली सरकार की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। दिल्ली सरकार ने स्थानीय प्रशासन को कहा है कि जहां-जहां सोमवार को अनलॉक की सुविधा दी गई है वहां काम करने वाले लोगों की रैंडम जांच (किसी भी वक्त जांच) शुरू की जा सकती है। यह जांच आरटीपीसीआर और रैपिड एंटीजन किट दोनों से होगी, जिससे संक्रमित को समय रहते चिन्हित कर फैलने से रोका जा सके। दिल्ली सरकार ने अनलॉक में साफ कहा है कि जिसमें कोई लक्षण नहीं होगा उसे काम के लिए प्रवेश दिया जाएगा। 
इसके साथ ही निर्माण स्थल या फैक्ट्री स्थल पर थर्मल स्क्रीनिंग, सैनेटाइजेशन के अलावा सामाजिक दूरी का पालन कराना होगा। इसके अलावा एक समय में कर्मचारियों की भीड़ न हो इसके लिए ऑफिस को अलग-अलग समय पर खोलने के लिए भी कहा गया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि अनलॉक की प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी। अगर कोरोना संक्रमण की दर नहीं बढ़ी और कोरोना के मामले इसी तरह घटते रहे तो धीरे-धीरे बाजार समेत अन्य चीजों में भी राहत दी जाएगी। 

Desk Team