गुजरात में भावनगर जिले के महुवा तालुका के विश्व हिन्दू परिषद प्रमुख जयेश गुजारिया की कल रात धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी। इसके विरोध में कल रात लोगों ने कुछ दुकानों और लारियों में तोड़फोड़ की थी जबकि आज तनाव के बीच शहर में बंद का आयोजन किया गया है। महुवा थाने के प्रभारी पुलिस अधिकारी बी पी चौधरी ने आज यूएनआई को बताया कि नवरात्रि के दौरान हुए एक विवाद के चलते श्री गुजारिया (23) और उनके साथी महेश पर कल रात गांधीबाग क्षेत्र में चाकू से हमला किया गया।
श्री गुजारिया की मौत हो गयी जबकि महेश को गंभीर हालत में भावनगर भेजा गया है। इस मामले में इमरान, असलम, बापुड़ मियां और एक अज्ञात समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। उनकी धरपकड़ के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मृतक भी आपराधिक पृष्ठभूमि का था। इस बीच, शहर में आज आयोजित बंद के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस तैनात की गयी है।


Download Android App
Download iOS App



