Jantar Mantar : जंतर-मंतर के पास कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट और ड्यूटी में बाधा डालने के मामलों को लेकर दिल्ली पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान बनाए गए कई मोबाइल वीडियो और अन्य फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इनमें पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और महिला पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी व मारपीट के वीडियो हैं। पुलिस वीडियो फुटेज के माध्यम से आरोपियों की पहचान जुटाने का प्रयास कर रही है।
पुलिस का कहना है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। कहीं पुलिस कर्मियों को लात मारकर गिराया गया तो कहीं हाथापाई की गई। प्रदर्शनकारी महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी हाथापाई करने से बाज नहीं आए। पुलिसकर्मियों के साथ गाली गलौज और उन्हें उकसाने की घटनाएं व वीडियो भी काफी सामने आए हैं।
आधिकारिक पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस के साथ हिंसा से जुड़े सभी वीडियो फुटेज को बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस उन प्रदर्शनकारियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जो कथित तौर पर पुलिसकर्मियों से उलझे, उनकी ड्यूटी में बाधा डालते हुए और मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। फुटेज के आधार पर घटनाक्रम का क्रम भी तैयार किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और किन लोगों की इसमें भूमिका रही।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से कथित मारपीट करने, सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी कर्मचारियों पर हमला करने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस सोशल मीडिया और अन्य स्रोतों से मिले वीडियो फुटेज की भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने समर्थकों के साथ मंगलवार और बुधवार को मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था संभालने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।


Download Android App
Download iOS App




