आईपीयू महासभा में भारत ने सुशासन, शांति और जलवायु चुनौतियों पर रखा पक्ष

Summary :

Delhi News : तंजानिया के अरूशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) महासभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को तीसरे दिन विभिन्न सत्रों और चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सुशासन, मानसिक स्वास्थ्य, सतत विकास, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, खाद्य सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा। हरिवंश ने सुशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने महासभा के सामान्य वाद-विवाद में हिस्सा लेते हुए ‘समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से…

Delhi News : तंजानिया के अरूशा में आयोजित 153वीं अंतर-संसदीय संघ (आईपीयू) महासभा में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को तीसरे दिन विभिन्न सत्रों और चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व में भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने सुशासन, मानसिक स्वास्थ्य, सतत विकास, अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, खाद्य सुरक्षा और समुद्री सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर भारत का पक्ष रखा।

हरिवंश ने सुशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही पर दिया जोर

राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने महासभा के सामान्य वाद-विवाद में हिस्सा लेते हुए ‘समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देने और समुदायों को सशक्त बनाने’ विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने सुशासन को मजबूत करने के लिए पारदर्शिता बढ़ाने, जवाबदेही सुनिश्चित करने और जनता के विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

लोकसभा सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने ‘पीढ़ियों में मानसिक स्वास्थ्य : डिजिटल ओवरलोड, आर्थिक दबाव और अनिश्चितता से निपटना’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में हिस्सा लिया। वहीं सांसद अपराजिता सारंगी ने संयुक्त राष्ट्र मामलों की स्थायी समिति की बैठक में ‘तंजानिया में संयुक्त राष्ट्र की देश टीम : एक सुधारित संयुक्त राष्ट्र प्रणाली के प्रतिबिंब’ विषय पर पैनल चर्चा में भाग लिया।

बच्चों के अधिकारों और अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून पर भारत की भागीदारी

सांसद कमलजीत सहरावत ने अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून और अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार कानून के अनुपालन में संसदों की भूमिका पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लिया। उन्होंने बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए नैतिक कृत्रिम बुद्धिमत्ता को बढ़ावा देने संबंधी कार्यशाला तथा अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून के सम्मान को बढ़ावा देने वाली समिति की बैठक में भी हिस्सा लिया।

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बदलती जलवायु के दौर में स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने से संबंधित कार्यशाला में भाग लिया। वहीं राज्यसभा सांसद डॉ. सस्मित पात्रा ने शांति एवं अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी स्थायी समिति की विशेषज्ञ सुनवाई में हिस्सा लिया। इसमें संघर्ष के समय समुद्री सुरक्षा मजबूत करने और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की रक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय नौवहन तथा वैश्विक आर्थिक स्थिरता सुनिश्चित करने में संसदों की भूमिका पर चर्चा हुई।

रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक

भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने रूस की फेडरेशन काउंसिल के उपसभापति कॉन्स्टेंटिन कोसाचेव के साथ द्विपक्षीय बैठक भी की। बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। हरिवंश ने आईपीयू की निवर्तमान अध्यक्ष तुलिया एकसन से भी मुलाकात की और आईपीयू के कामकाज को अधिक समावेशी और जीवंत बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विभिन्न देशों में संसदीय लोकतंत्र को मजबूत और व्यापक बनाने की दिशा में उनके प्रयासों की भी प्रशंसा की।

Sumant Chaudhary