नई दिल्ली : राजघाट पर पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान से आए हजारों हिन्दू, सिख व अन्य धर्मों के शरणार्थियों को विपक्ष के नेता विजेन्द्र गुप्ता ने गुरुवार को संबोधित करते हुए आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वे भारत में सुरक्षित हैं। यह धरना हिन्दू शरणाार्थी अधिकार मंच द्वारा नागरिकता संशोधन अधिनियम तथा एनआरसी के समर्थन में आयोजित किया गया था।
सारा वातावरण ‘भारत माता की जय और मोदी-मोदी’ के नारों से गूंज उठा। लोगों ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं जिन पर लिखा था कि ‘पाकिस्तान ने भगाया, मोदी सरकार ने अपनाया, हम सीएए का समर्थन करते हैं, प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान, लाखों विस्थापितों को जीवनदान, प्रताड़ित हिन्दू शरणार्थी कहां जाएं।’ शरणार्थियों को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष ने कहा कि वे आजाद भारत के आजाद नागरिक हैं।
भाजपा उनके हक की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के लिये कटिबद्ध है। उनके बच्चों की शिक्षा, महिलाओं के सम्मान व सुरक्षा, तथा रोजी-रोटी को हर हाल में सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दिल्ली में सौहार्द का वातावरण बिगाड़ना चाहते हैं। वे वातावरण खराब कर रहे हैं, लेकिन लोग उनके साथ नहीं हैं।
विजेन्द्र गुप्ता ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पाकिस्तान की भाषा बोलने से बाज नहीं आ रहे हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी इमरान खान की भाषा बोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओखला और सीलमपुर में लोगों को धर्म के नाम पर भड़काया जा रहा है। प्रधानमंत्री व गृहमंत्री के स्पष्टीकरण के बाद भी नेता वातावरण खराब करने पर तुले हुए हैं।


Download Android App
Download iOS App



