राष्ट्रीय राजधानी में अगले एक हफ्ते तक लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली जल बोर्ड ने शनिवार को कहा कि ‘ऊपरी गंगा नहर’ से ‘कच्चे’ पानी की उपलब्धता में कमी होने से राष्ट्रीय राजधानी के कुछ क्षेत्रों में एक सप्ताह तक जलापूर्ति प्रभावित हो सकती है।
बोर्ड ने कहा कि सोनिया विहार और भागीरथी जल शोधन प्लांट की उत्पादन क्षमता में 25 से 30 प्रतिशत की कमी आई है। बोर्ड ने कहा, “पूर्वी दिल्ली, उत्तर पूर्वी दिल्ली, दक्षिण दिल्ली और एनडीएमसी में शाम को जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। स्थिति में सुधार होने तक एक सप्ताह के लिए यह स्थिति बरकार रह सकती है।”
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली को प्रतिदिन ऊपरी गंगा नहर से 25 करोड़ गैलन कच्चा पानी प्राप्त होता है और इस समय 20 करोड़ गैलन कच्चा पानी मिल रहा है। दिल्ली जल बोर्ड ने प्रभावित इलाके के लोगों से संभलकर पानी इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इन इलाकों में होगी पानी की दिक्कत
गोकुलपुरी, सोनिया विहार, करावल नगर, ताहिरपुर, दिलशाद गार्डन, नंदनगरी, शाहदरा, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, कोंडली, दल्लूपुरा, यमुना विहार, जाफराबाद, झिलमिल, पटपड़गंज, प्रीत विहार, विश्वकर्मा पार्क, ललिता पार्क, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, ब्रह्मपुरी, गांधी नगर, सराय काले खां, ओखला, बदरपुर, सरिता विहार, वसंत कुंज, महरौली, ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्सटेंशन, लाजपतनगर, लोधीनगर, काकानगर, अमर कॉलोनी।


Download Android App
Download iOS App



